Akola Police Recruitment: पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए अकोला में सख्त बंदोबस्त किए गए हैं। यह परीक्षा 15 मार्च को सुबह 11 बजे से 12.30 बजे तक आयोजित की जाएगी। पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक के मार्गदर्शन में यह परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विशेष सुरक्षा बंदोबस्त किया गया है।
इस परीक्षा में कुल 2314 उम्मीदवार शामिल होंगे। इनमें से 800 पुरुष उम्मीदवार श्री शिवाजी कला, वाणिज्य एवं विज्ञान महाविद्यालय, अकोला में, 520 पुरुष उम्मीदवार श्रीमती एलआरटी महाविद्यालय, नेकलेस रोड, अकोला में, 429 पुरुष उम्मीदवार श्रीमती सिताबाई कला महाविद्यालय, अकोला में और 565 महिला उम्मीदवार श्रीमती आरडीजी महिला महाविद्यालय, मुर्तिजापुर रोड, अकोला में शामिल होंगे।
उम्मीदवारों को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले केंद्र पर उपस्थित होना अनिवार्य है। सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि रोकने के लिए कड़ा बंदोबस्त किया गया है।
इस परीक्षा के लिए 1 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, 3 एसडीपीओ, 20 पुलिस निरीक्षक, 80 सहायक पुलिस निरीक्षक/पीएसआई, 338 पुरुष पुलिसकर्मी और 85 महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें कुल 138 कैमरे होंगे।
उम्मीदवारों के लिए विशेष निर्देश भी जारी किए गए हैं। उन्हें मैदानी परीक्षा का प्रवेशपत्र और लिखित परीक्षा का प्रवेशपत्र दोनों साथ लाना अनिवार्य है। पासपोर्ट आकार के फोटो की दो प्रतियां भी साथ रखना आवश्यक है। परीक्षा केंद्र पर फोटोग्राफी और वीडियो शूटिंग होगी, जिसमें उम्मीदवार का चेहरा और रोल नंबर स्पष्ट दिखाई देना चाहिए।