ड्रोन से हो रही तेंदुए की खोज, अकोला में वन विभाग का बड़ा सर्च ऑपरेशन, लोगों से सतर्क रहने की अपील

Akola News: अकोला के न्यू तापडिया नगर में तेंदुए के दिखने की खबर से दहशत है। वन विभाग ने ड्रोन से खोज शुरू की है। पदचिह्न न मिलने पर भी सतर्कता बढ़ाई गई है। नागरिकों को सावधानी बरतने की अपील की गई है।
akola-new-tapadia-nagar-leopard-sighting-drone-search-alert
ड्रोन से तेंदुए की निगरानी करते वन विभाग के कर्मचारी (फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Akola Leopard News: अकोला शहर से सटे न्यू तापडिया नगर में तेंदुए के कथित विचरण की खबर से नागरिकों में दहशत फैल गई है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने ड्रोन कैमरे की मदद से खोज अभियान शुरू किया है। हालांकि अब तक विभाग को तेंदुए के पदचिह्न नहीं मिले हैं, लेकिन नागरिकों को सतर्क रहने की अपील की गई है।

शुक्रवार सुबह नागरिकों ने तेंदुए को देखे जाने की जानकारी दी थी। इसके बाद वन परिक्षेत्र अधिकारी विश्वास थोरात के नेतृत्व में गजानन गायकवाड, क्षेत्र सहायक, मानद वन्यजीव रक्षक बाल कालणे और वनरक्षक एसएस तायडे सहित टीम ने मौके पर पहुंचकर गहन जांच की।

ड्रोन कैमरे से हो रही निगरानी

पदचिह्न न मिलने के बावजूद नागरिकों के बयानों के आधार पर तेंदुए की मौजूदगी की संभावना से इनकार नहीं किया गया है। इसी कारण न्यू तापडिया नगर क्षेत्र में वन विभाग की गश्त बढ़ा दी गई है और ड्रोन कैमरे से लगातार निगरानी रखी जा रही है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि तेंदुए को सुरक्षित रूप से उसके प्राकृतिक आवास में वापस भेजने के लिए बचाव दल पूरी तरह तैयार है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे भयभीत न हों, बल्कि सतर्कता और संयम बनाए रखें।

वन विभाग की चेतावनी और निर्देश

तेंदुआ दिखने पर तुरंत वन विभाग के टोल फ्री नंबर 1926 पर सूचना दें। तेंदुए को देखकर शोर या हंगामा न करें। शाम और सुबह के समय अकेले बाहर न निकलें, समूह में जाना अधिक सुरक्षित है। बच्चों को अकेले बाहर खेलने न दें। पालतू जानवरों को सुरक्षित स्थान या गोठे में रखें।

रात में घर के दरवाजे, खिड़कियां और गेराज बंद रखें। घर के आसपास अनावश्यक झाड़ियाँ और घास साफ करें। वन विभाग ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सतर्कता ही सुरक्षा का सबसे बड़ा उपाय है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com