अकोला परिमंडल में महावितरण का 'मिशन 90 दिन' तेज; 124 करोड़ की वसूली के लिए 29 हजार बिजली कनेक्शन काटे गए

Akola Electricity Bill News: महावितरण ने अकोला परिमंडल में 124.50 करोड़ के बिजली बिल बकाया की वसूली के लिए अभियान तेज किया है। अब तक 29,000 कनेक्शन काटे गए हैं और छुट्टियों में भी कार्रवाई जारी रहेगी।
Mahavitaran intensifies 'Mission 90 Days' in Akola division to recover 124.50 Cr arrears. Over 29,000 connections snapped; drive to continue during public holidays.
Akola Electricity Bill Power Cut (सौजन्य-नवभारत)
Updated on

Mahavitaran Akola News: अकोला मिशन 90 दिन के अंतर्गत शुरू की गई शून्य बकाया मुहिम में परिमंडल के साढ़े तीन लाख से अधिक ग्राहकों पर बकाया 124 करोड़ 50 लाख रुपये की वसूली के लिए महावितरण ने अभियान तेज कर दिया है। इस कार्रवाई में लगभग 29 हजार बकायादारों का बिजली कनेक्शन काटा गया है। मुख्य अभियंता राजेश नाईक ने नागरिकों से अपील की है कि वे चालू बिल के साथ बकाया राशि भरकर सहयोग करें, अन्यथा बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाएगी।

अकोला परिमंडल में घरेलू, व्यावसायिक और औद्योगिक वर्गों के कुल 3 लाख 53 हजार 92 ग्राहकों पर 124 करोड़ 50 लाख रुपये का बकाया है। इसमें अकोला जिले के 1 लाख 19 हजार 563 ग्राहकों पर 45 करोड़ 26 लाख, बुलढाना जिले के 1 लाख 62 हजार 823 ग्राहकों पर 57 करोड़ 17 लाख और वाशिम जिले के 79 हजार 706 ग्राहकों पर 22 करोड़ 7 लाख रुपये का बकाया है।

जनवरी से शुरू इस मुहिम में अधीक्षक अभियंता, कार्यकारी अभियंता, उपविभागीय अभियंता, शाखा अभियंता और तकनीकी कर्मचारी प्रत्यक्ष ग्राहकों से संपर्क कर वसूली कर रहे हैं। इस अभियान से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि बिजली बिल का भुगतान न करने पर अब किसी भी ग्राहक को बिजली आपूर्ति नहीं मिलेगी।

उपभोक्ताओं पर करोड़ों रुपये बिल बकाया

महावितरण की कार्रवाई में 44 करोड़ रुपये के बकाया के लिए 28 हजार 914 ग्राहकों का बिजली कनेक्शन काटा गया। इसमें अकोला जिले के 6 हजार 915 ग्राहकों पर 9 करोड़ 64 लाख, बुलढाना जिले के 15 हजार 785 ग्राहकों पर 28 करोड़ 87 लाख और वाशिम जिले के 6 हजार 214 ग्राहकों पर 6 करोड़ 20 लाख रुपये का बकाया है।

महावितरण की सामूहिक कार्रवाई को मिली गति

जिन गांवों में वसूली का प्रतिसाद नहीं मिल रहा, वहां सामूहिक मुहिम चलाकर सीधे मीटर निकालने की कार्रवाई की जा रही है। मुख्य अभियंता राजेश नाईक सहित वरिष्ठ अधिकारी भी इस कार्रवाई में शामिल हैं। मीटर निकालने के बाद यदि ग्राहक अनधिकृत रूप से बिजली का उपयोग करता है तो उस पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वित्तीय वर्ष के केवल 21 दिन शेष हैं, इसलिए सार्वजनिक छुट्टियों में भी वसूली अभियान जारी है। ग्राहकों की सुविधा के लिए अकोला महावितरण ने बिल भुगतान केंद्र और ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध कराई है।

जिला बकाया ग्राहक कुल बकाया राशि काटे गए कनेक्शन
अकोला 1,19,563 ₹45.26 करोड़ 6,915
बुलढाना 1,62,823 ₹57.17 करोड़ 15,785
वाशिम 79,706 ₹22.07 करोड़ 6,214
कुल (परिमंडल) 3,53,092 ₹124.50 करोड़ 28,914
Navbharat Live
navbharatlive.com