अकोला में महावितरण की सख्ती, 99.71 करोड़ रुपये बिजली बिल बकाया पर वसूली अभियान तेज

Akola Mahavitaran: अकोला जिले में महावितरण ने बिजली बिल बकाया वसूली अभियान तेज कर दिया है। 99.71 करोड़ रुपये के बकाये में अब तक 6,496 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे गए हैं।
akola mahavitaran electricity bill recovery campaign connection cut action
अकोला महावितरण- फाइल फोटो (सोर्सः सोशल मीडिया)
Updated on

Akola Mahavitaran Recovery Campaign: बिजली बिल की बकाया राशि को शून्य करने के उद्देश्य से महावितरण ने अकोला परिमंडल में विशेष वसूली अभियान तेज कर दिया है। अभियान के तहत बकाया बिल नहीं चुकाने वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे जा रहे हैं। इस कार्रवाई को लेकर कुछ लोगों ने भेदभाव के आरोप लगाए हैं, लेकिन महावितरण ने स्पष्ट किया है कि सभी बकायादारों पर बिना किसी पक्षपात के समान रूप से कार्रवाई की जा रही है।

महावितरण के अनुसार अकोला जिले में वर्तमान में 1 लाख 45 हजार 633 उपभोक्ताओं पर कुल 99.71 करोड़ रुपये का बिजली बिल बकाया है। इनमें से अब तक 12 करोड़ रुपये की वसूली की जा चुकी है, जबकि 6 हजार 496 उपभोक्ताओं का बिजली आपूर्ति कनेक्शन नियमों के तहत काट दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि बिजली वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं देने के लिए समय पर बिलों की वसूली आवश्यक है।

99.71 करोड़ रुपये बिजली बिल बकाया

इसी उद्देश्य से पहले भी 'मिशन 90 दिन' के तहत विशेष अभियान चलाया गया था, जिसमें चालू बिल और पूर्व बकाया राशि की वसूली का लक्ष्य रखा गया था। हालांकि, अभियान को लेकर यह आरोप भी लगाए जा रहे हैं कि प्रभावशाली और राजनीतिक संरक्षण प्राप्त उपभोक्ताओं पर कार्रवाई नहीं होती, जबकि आम लोगों के कनेक्शन काटे जाते हैं। महावितरण ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि सभी बकायादारों पर नियमों के अनुसार समान कार्रवाई की जा रही है।

बिल नहीं भरने पर कटेगा बिजली कनेक्शन

अकोला के मुख्य अभियंता दत्तात्रय बनसोडे ने कहा कि उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्वाध सेवा उपलब्ध कराने के लिए बकाया राशि की वसूली अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी उपभोक्त्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने की अपील करते हुए कहा कि बार-बार सूचना देने के बावजूद बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन नियमानुसार काटे जाते रहेंगे।

घरेलू उपभोक्ताओं पर सबसे अधिक बकाया

महावितरण के आंकड़ों के अनुसार जिले में सबसे अधिक बकायादार घरेलू श्रेणी के उपभोक्ता है। घरेलू श्रेणी में 1,33,909, वाणिज्यिक में 9,799, औद्योगिक में 1,241 तथा अन्य श्रेणी में 684 उपभोक्ताओं पर बिजली बिल बकाया है। कुल मिलाकर 10,996 उपभोक्ताओं के खिलाफ बकाया वसूली की कार्रवाई जारी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com