

Akola E-Bhoomiti Project: अकोला जिला प्रशासन के अभिनव ईभूमिति मैपिंग एवरी इंच ऑफ गवर्नेंस प्रकल्प को देश के प्रतिष्ठित स्कॉच पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान नई दिल्ली स्थित पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, अगस्त क्रांति मार्ग में आयोजित 108वें स्कॉच समिट के दौरान प्रदान किया गया। जिलाधिकारी एवं जिला दंडाधिकारी वर्षा मीणा ने यह पुरस्कार स्वीकार किया। स्कॉच पुरस्कार भारत में प्रशासन, सुशासन, डिजिटल परिवर्तन, सामाजिक विकास, वित्तीय समावेशन और जनसेवा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों को दिया जाने वाला एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान है।
देशभर की विभिन्न शासकीय संस्थाओं, सार्वजनिक उपक्रमों तथा नवाचार आधारित परियोजनाओं में से श्रेष्ठ उपक्रमों का चयन कर उन्हें यह सम्मान प्रदान किया जाता है। इस पुरस्कार से अकोला जिले के नवाचार और प्रशासनिक कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान मिली है।
जीआईएस तकनीक से डिजिटल हुआ प्रशासनईभूमिति प्रकल्प जिले की विभिन्न शासकीय संपत्तियों, सुविधाओं और सेवाओं का भूस्थानिक जीआईएस तकनीक के माध्यम से डिजिटल मैपिंग करने वाला एक अनूठा उपक्रम है। इस प्रणाली में स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र, राशन दूकानें, स्वास्थ्य संस्थान, जल स्रोत, डिजिटल सेवा केंद्र, शासकीय कार्यालय तथा अन्य सार्वजनिक सुविधाओं की सटीक भौगोलिक जानकारी उपलब्ध कराई गई है। इससे विकास कार्यों की योजना, संसाधनों के प्रबंधन और सेवा वितरण की प्रक्रिया अधिक प्रभावी एवं सुव्यवस्थित हुई है। पारदर्शिता और बेहतर सेवा वितरण को बढ़ावाजिलाधिकारी वर्षा मीणा के मार्गदर्शन में विकसित इस परियोजना ने जिला प्रशासन में डेटा आधारित निर्णय प्रक्रिया को मजबूत किया है।
इसके माध्यम से प्रशासनिक पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यक्षमता में वृद्धि हुई है। साथ ही शासन की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में यह प्रकल्प महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
इस राष्ट्रीय उपलब्धि पर जिलाधिकारी वर्षा मीणा ने परियोजना से जुड़े सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और तकनीकी टीम का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे अकोला जिले के सामूहिक प्रयास और समर्पित कार्य का गौरव है।