

Akola Rural Bus Service: वर्षों से प्रलंबित सिटी बस सेवा का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। प्रधानमंत्री ई-बस योजना के तहत अकोला महानगरपालिका को 42 ई-बसें मंजूर हुई हैं और शहर में आठ प्रमुख मार्ग निर्धारित किए गए हैं। महानगरपालिका के स्थापना दिवस 1 अक्टूबर से सेवा शुरू करने की तैयारी प्रगति पर है। इससे शहर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को भी सुगम सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है।
यातायात अध्ययन के तय हुए आठ मार्ग ई-बस के मार्ग तय करते समय प्रमुख बाजार, सरकारी कार्यालय, शैक्षणिक संस्थान, रेलवे स्टेशन, उपनगर और ग्रामीण क्षेत्रों को ध्यान में रखा गया है। नाशिक की सलाहकार संस्था द्वारा शहर की यातायात व्यवस्था का अध्ययन कर संभावित यात्रियों की संख्या और आवश्यक मार्गों की रिपोर्ट तैयार की गई। इसके बाद प्रत्यक्ष निरीक्षण कर आठ मार्ग निश्चित किए गए। इनमें पुराना बस स्थानक-कापशी, पुराना बस स्थानक-येवता, पुराना बस स्थानक-रिधोरा, पुराना बस स्थानक-कुंभारी, रेलवे स्टेशन- चोहोट्टा बाजार, रेलवे स्टेशन बार्शीटाकली, रेलवे स्टेशन-डाबकी तथा गुडधी-डाबकी मार्ग शामिल हैं।
सेवा शुरू करने से पहले प्रस्तावित मार्गों से अतिक्रमण हटाना, यातायात सुचारु करना और आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना मनपा के सामने चुनौती है। ई-बस सेवा को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए बस ठहराव स्थलों का सार्वजनिक-निजी भागीदारी के आधार पर विकास किया जाएगा। यहां विज्ञापन और व्यावसायिक सुविधाओं की अनुमति देकर मनपा के लिए नियमित आय का सोत तैयार करने की योजना है।
प्रधानमंत्री ई-बस योजना के तहत मिलने वाली 42 बसों में प्रमुख यात्री मार्गो पर 12 और 9 मीटर लंबाई की बसें चलाने की योजना है। आगामी चरण में 7.5 मीटर लंबाई की बसें उपलब्ध कराकर शहर के संकरे और आंतरिक मार्गों पर भी सेवा शुरू की जाएगी। आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल ई-बसो से प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी।
प्रस्तावित मार्गों से शहर के साथ आसपास के गांव भी जुड़ेंगे। शिक्षा, रोजगार, व्यापार और सरकारी कार्यों के लिए अकोला आने वाले ग्रामीण नागरिकों को सार्वजनिक परिवहन का बेहतर विकल्प मिलेगा। इससे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच आवागमन अधिक सुगम होने की उम्मीद है।