Akola News: अग्रवाल समाज के युवक-युवतियों का परिचय सम्मेलन अकोला में आयोजित किया गया। यह सम्मेलन समाज में खर्चीली विवाह प्रथा को समाप्त करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। स्थानीय जवाहर नगर स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के कई प्रमुख लोग उपस्थित थे।
सम्मेलन का शुभारंभ महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पूजन से हुआ। मुख्य अतिथि विजय अग्रवाल ने इस सम्मेलन की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे सम्मेलनों की आवश्यकता है ताकि समाज में खर्चीली विवाह प्रथा पर अंकुश लगाया जा सके।
उमेश खेतान ने सम्मेलन का स्वागत करते हुए उपस्थित युवक-युवतियों को शुभकामनाएं दीं। दीपक गोयनका ने सम्मेलन की तकनीकी जानकारी प्रस्तुत की, जिसमें बताया गया कि विभिन्न गांवों से हजारों युवक-युवतियों ने अपने अभिभावकों के साथ भाग लिया।
आयोजन समिति ने इस सम्मेलन में आवास, भोजन, कुंडली मिलान, चिकित्सा सहायता जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई। चिकित्सा सेवा में कई डॉक्टरों ने भाग लिया।
इस अवसर पर समाज के विवाह इच्छुक युवक-युवतियों की जानकारी वाली ई-परिचय पुस्तिका भी प्रकाशित की गई, जिसे अभिभावकों को मोबाइल पर भेजा जाएगा।
मुख्य संचालन प्रा. विजय अग्रवाल ने किया, जबकि परिचय सम्मेलन का संचालन अनीता खेतान, पदमा गोयनका, और महेंद्र खेतान ने किया।
आभार महामंत्री विनोद टोरका ने व्यक्त किया।