महाराष्ट्र के अहिल्यानगर में बड़ा हादसा, पुलिस मुख्यालय में ट्रेनिंग के दौरान फटा हैंड ग्रेनेड, 4 जवान घायल

Ahilyanagar Hand Grenade Blast: महाराष्ट्र के अहिल्यानगर पुलिस मुख्यालय में हैंड ग्रेनेड ट्रेनिंग के दौरान अचानक विस्फोट हो गया। इस हादसे में चार प्रशिक्षु पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं।
Ahilyanagar Police Headquarter Hand Grenade Blast
अहिल्यानगर के अस्पताल में भर्ती हैंड ग्रैनेड ब्लास्ट में घायल हुए जवान (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Ahilyanagar Police Headquarter Hand Grenade Blast: महाराष्ट्र अहिल्यानगर पुलिस मुख्यालय में सोमवार सुबह चल रहे प्रशिक्षण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पुलिसकर्मियों को हैंड ग्रेनेड संभालने का प्रशिक्षण दिया जा रहा था, तभी अचानक ग्रेनेड में विस्फोट हो गया। इस भीषण हादसे में चार प्रशिक्षु पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें से दो के हाथों की उंगलियां गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई हैं। सुबह करीब 10 बजे हुए इस हादसे से पूरे पुलिस मुख्यालय में हड़कंप मच गया।

प्रशिक्षण के दौरान फटा हैंड ग्रेनेड

मिली जानकारी के मुताबिक अहिल्यानगर पुलिस मुख्यालय के मैदान में नियमित प्रशिक्षण चल रहा था। इस दौरान प्रशिक्षु पुलिसकर्मियों को स्मोक हैंड ग्रेनेड का उपयोग और उसकी सुरक्षित हैंडलिंग के बारे में जानकारी दी जा रही थी। इस दौरान अचानक हैंड ग्रेनेड फट गया। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के इलाके में कुछ समय के लिए भय का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद अधिकारी और कर्मचारी भी घबरा गए। अहिल्यानगर में हुए इस हादसे में शिवराज पवार, शुभम कावरे, गणेश मढे और योगेश सोलुंके नामक चार प्रशिक्षु पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इनमें से दो जवानों के हाथों की उंगलियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। अन्य दो को हल्की चोटें आई हैं, लेकिन विस्फोट की तीव्रता के कारण सभी को मानसिक आघात भी पहुंचा है। घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जांच के लिए विशेष टीम गठित

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। अस्पताल में भर्ती घायलों का विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है। इस हादसे के बाद पुलिस विभाग में चिंता का माहौल है और प्रशिक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। मामले की जांच के लिए विशेष टीम भी गठित की गई है।

पिन निकालने के बाद लीवर छूटने से हुआ हादसा

रिजर्व पुलिस निरीक्षक उमेश परदेशी ने घटना की प्राथमिक जानकारी देते हुए बताया कि भीड़ नियंत्रण में इस्तेमाल होने वाले स्मोक हैंड ग्रेनेड का प्रशिक्षण चल रहा था। संबंधित जवान ने ग्रेनेड की पिन निकालने के बाद उसका लीवर हाथ से छोड़ दिया, जिससे अचानक विस्फोट हो गया। उन्होंने बताया कि मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है और भविष्य में इस तरह की घटनाएं रोकने के लिए सुरक्षा प्रक्रियाओं को और अधिक सख्त बनाया जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com