नासिक पुलिस का बड़ा एक्शन; स्कूल-कॉलेजों के बाहर मनचलों पर पुलिस का शिकंजा, 79 युवक पकड़े गए

79 Youth Detained: नासिक पुलिस ने स्कूल, कॉलेज, मॉल और पार्कों के आसपास उपद्रव मचाने वाले मनचलों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर 79 युवकों को हिरासत में लिया और कड़ी चेतावनी दी।
79 Youth Detained In Nashik Police Special Drive Against Those Harassing People
नासिक पुलिस ने कि मनचलों पर कार्रवाई (सोर्स: AI)
Updated on

79 Youth Detained In Nashik Police Special Drive: शहर में स्कूलों, कॉलेजों, मॉल्स, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थानों के आसपास बेवजह घूमकर लोगों, विशेषकर छात्राओं और महिलाओं में असुरक्षा का माहौल पैदा करने वाले मनचलों और उपद्रवियों के खिलाफ नासिक पुलिस ने व्यापक विशेष अभियान चलाया। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर सरकारवाड़ा पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में चलाए गए।

इस अभियान के दौरान कुल 79 संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया गया। पुलिस का कहना है कि हाल के दिनों में सार्वजनिक स्थानों पर मनचलों की बढ़ती गतिविधियों और नागरिकों से मिल रही शिकायतों को देखते हुए यह कार्रवाई की गई। अभियान का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना, महिलाओं और विद्यार्थियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना तथा सार्वजनिक स्थानों पर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।

3 घंटे तक चला अभियान

इस विशेष अभियान का संचालन पुलिस उपायुक्त मोनिका राउत और सहायक पुलिस आयुक्त प्रमोद वाघ के मार्गदर्शन में किया गया। अभियान में परिमंडल-1 के अंतर्गत आने वाले सरकारवाड़ा, पंचवटी, म्हसरूल, आड़गांव, गंगापुर, मुंबई नाका और भद्रकाली पुलिस स्टेशनों की अपराध जांच शाखाओं को शामिल किया गया। कार्रवाई को प्रभावी बनाने के लिए 14 पुलिस अधिकारियों और 40 पुलिसकर्मियों की कुल आठ विशेष टीमें गठित की गईं।

इन टीमों ने शाम 5:30 बजे से रात 8:00 बजे तक विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों में शामिल युवकों की पहचान की। सार्वजनिक स्थानों पर बिना किसी उचित कारण के घूम रहे 79 युवकों को हिरासत में लेकर संबंधित पुलिस थानों में लाया गया, जहां उनकी पहचान और गतिविधियों की जांच की गई।

'जीरो टॉलरेंस' की नीति

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में महिलाओं, छात्राओं और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से स्कूलों और कॉलेजों के आसपास नियमित गश्त बढ़ाई जा रही है तथा संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किसी भी स्थान पर संदिग्ध गतिविधि, छेड़छाड़, हुड़दंग या सार्वजनिक शांति भंग करने जैसी घटनाएं दिखाई दें तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराध और असामाजिक गतिविधियों के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई गई है तथा भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार चलाकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शहरवासियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com