Highlights :
विदिशा में नवंबर के पहले दिन सुबह घना कोहरा छाया।
कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।
मौसम में बदलाव से किसानों ने राहत जताई।
Dense Fog and Colder Weather in Vidisha : विदिशा में नवंबर की शुरुआत के साथ ही मौसम का मिजाज बदल गया है। 1 नवंबर की सुबह शहर सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। सड़कों, पार्कों और खेतों पर धुंध की मोटी परत दिखाई दी। इससे दृश्यता प्रभावित हुई और वाहन चालकों को गाड़ी की हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा।
अक्टूबर के आखिरी दिनों में ही ठंड के संकेत मिलने लगे थे लेकिन नवंबर के पहले दिन इसका असर साफ दिखाई दिया। सुबह तापमान में गिरावट के चलते लोगों को ठिठुरन महसूस हुई। सुबह की सैर पर निकले लोग और स्कूल दफ्तर जाने वाले बच्चे स्वेटर और जैकेट पहने नजर आए।
मौसम में आए बदलाव के बीच सुबह और रात के समय ठंडक बढ़ने लगी है। उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवाओं के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट का असर देखा जा रहा है। विदिशा में भी मौसम का रुख सर्द होने लगा है। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने के संकेत हैं।
मौसम में बदलाव से किसानों को भी राहत मिली है। विदिशा जिले में किसानों ने गेहूं, चना, सरसों सहित अन्य फसलों की बोवनी कर दी है। पिछले दिनों तापमान अधिक रहने के कारण खेतों में बोए गए बीजों के अंकुरण पर असर पड़ने की आशंका थी। अब मौसम ठंडा होने और जमीन में नमी व ठंडक का अनुकूल माहौल बनने से फसलें मिट्टी से बाहर आने लगी हैं। इससे किसानों ने राहत की सांस ली है।
सुबह कोहरे और ठंड के कारण लोगों की दिनचर्या में बदलाव नजर आने लगा है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग सुबह धूप सेंकते दिखाई दिए। जहां मौसम की ठंडक ने लोगों को गर्मी से राहत दी है वहीं सुबह और रात के समय सर्दी का एहसास बढ़ने लगा है।