उमरिया में भीषण हादसा, धार्मिक कार्यक्रम में जा रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी; 4 की मौके पर मौत

Pali Tractor Accident: उमरिया के पाली क्षेत्र में तिवनी गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 4 की मौत, 40 घायल। बिजौरा में धार्मिक कार्यक्रम में जा रहे थे ग्रामीण।
Umaria Tractor Trolley Accident 4 Died 40 Injured Breaking News
उमरिया में भीषण हादसा (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Umaria Tractor Trolley Accident 4 Died: उमरिया जिले के पाली थाना क्षेत्र के तिवनी गांव के पास शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पुलिया पर पलट गई। हादसे में चार लोगों की मौत की सूचना है, जबकि करीब 40 लोग घायल हुए हैं।

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल लोगों को स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि अचानक ट्रॉली पलटने से यह हादसा हुआ है।

धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे लोग

जानकारी के मुताबिक मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के पाली क्षेत्र से सटे ग्राम गिंजरी के ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर बिजौरा गांव में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान तिवनी गांव स्थित शनिधाम के पास पुलिया पर ट्रैक्टर अचानक बेकाबू हो गया, जिससे ट्रॉली पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि ट्रैक्टर पुलिया के नीचे नहीं गिरा, वरना हादसा और अधिक भयावह हो सकता था।

स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। हादसे में घायल लोगों को ट्रॉली से बाहर निकालने में ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बाद में 108 एम्बुलेंस और अन्य वाहनों की सहायता से सभी घायलों को इलाज के लिए पाली अस्पताल पहुंचाया गया।

ट्रैक्टर की तेज रफ्तार या तकनीकी खराबी की वजह से हुआ हादसा

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ट्रैक्टर की तेज रफ्तार या तकनीकी खराबी मानी जा रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने और घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था करने की मांग की है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com