उमरिया: 15 हजार रुपये की चोरी के शक में हत्या, शराब पिलाकर पाइप से पीटा; NH-43 किनारे फेंका शव

Umaria Murder Case: उमरिया के नौरोजाबाद में सूरज बली बैगा की हत्या का पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा, 15 हजार रुपये की चोरी के शक में पहले पिलाई शराब, फिर पाइप से हमला कर हाईवे किनारे फेंका शव।
Umaria murder over theft suspicion
उमरिया में चोरी के शक में हत्या(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Umaria Murder Over Theft Suspicion: उमरिया जिले के नौरोजाबाद थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-43 के किनारे मिले सूरज बली बैगा के शव के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, करीब 15 हजार रुपये की चोरी के शक में सूरज बली की हत्या की गई थी।

मामले में पुलिस ने एक विधि विरुद्ध बालक और उसके परिचित शंकर सिंह गोड़ को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

पहले शराब पिलाई, फिर किया हमला

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक शर्मा के अनुसार, आरोपियों ने सूरज बली बैगा को पहले शराब पिलाई। इसके बाद अंधेरे का फायदा उठाकर उस पर पाइप से हमला किया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद सूरज बली को नेशनल हाईवे-43 के किनारे फेंक दिया गया। बाद में उसका शव बरामद हुआ।

किराना दुकान में चोरी के शक ने लिया खूनी रूप

पुलिस जांच में सामने आया कि किराना दुकान से करीब 15 हजार रुपये की चोरी के शक में सूरज बली को निशाना बनाया गया। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान संदिग्धों से पूछताछ की और सामने आए तथ्यों के आधार पर विधि विरुद्ध बालक तथा शंकर सिंह गोड़ को हिरासत में लिया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों की घटना में भूमिका सामने आई है।

Umaria murder over theft suspicion
इंदौर में महिला को जबरन कार में बैठाने का प्रयास; भीड़ ने आरोपी असलम को पकड़कर अर्धनग्न पीटा

परिजनों ने जताई थी हत्या की आशंका

शव मिलने के बाद पुलिस ने मृतक की पहचान सेहरा टोला निवासी सूरज बली बैगा के रूप में की थी। प्रारंभिक जांच के दौरान परिजनों ने भी हत्या की आशंका जताई थी। परिजनों ने आरोप लगाया था कि मृतक के नाम पर कई वाहन फाइनेंस कराए गए थे और उनका इस्तेमाल विधि विरुद्ध बालक के परिवार के लोग कर रहे थे। हालांकि, पुलिस की जांच में फिलहाल हत्या की वजह 15 हजार रुपये की चोरी का शक सामने आई है।

एफएसएल टीम ने भी की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए शहडोल से एफएसएल टीम भी घटनास्थल पर पहुंची थी। टीम ने घटनास्थल और शव की जांच की। प्रारंभिक जांच में मृतक के जबड़े में चोट और उसके टूटने की जानकारी सामने आई थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई। उमरिया जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया है कि नौरोजाबाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com