

Woman Forced Into Car Indore: इंदौर के रावजी बाजार थाना क्षेत्र में एक महिला को कथित तौर पर जबरदस्ती कार में बैठाने की कोशिश का मामला सामने आया है। महिला के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी असलम को पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर मौजूद भीड़ ने उसके साथ मारपीट की।
जानकारी के मुताबिक महिला और असलम के बीच करीब छह साल से दोस्ती थी। महिला की बाद में दूसरी जगह शादी हो गई थी। शादी के बाद महिला ने असलम से दूरी बना ली, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद असलम लगातार महिला को परेशान कर रहा था और उस पर बातचीत करने के लिए दबाव बना रहा था।
बताया जा रहा है कि असलम महिला से बात करने के बहाने उसे जबरदस्ती अपनी गाड़ी में बैठाने की कोशिश कर रहा था। महिला ने विरोध करते हुए शोर मचाया। उसकी आवाज सुनकर पास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और असलम को पकड़ लिया।
महिला ने असलम पर दोस्ती के दौरान संबंध बनाने और बाद में उसे परेशान करने के आरोप लगाए हैं। वहीं, महिला को जबरदस्ती ले जाने की कोशिश का भी आरोप है। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
घटना के बाद मौके पर मौजूद भीड़ ने आरोपी असलम के साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान उसे अर्धनग्न कर पीटे जाने का वीडियो भी सामने आया है। वायरल वीडियो में महिला और कुछ लोग आरोपी के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया। पूरा मामला इंदौर शहर के रवजी बाजार थाना क्षेत्र का है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े वीडियो तथा अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।