

Highlights:
1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में 1834 करोड़ रुपए ट्रांसफर।
गैस सिलेंडर रीफिल अनुदान के लिए 23 लाख से अधिक महिलाओं को 115.10 करोड़ रुपए।
उमरिया में सांदीपनि विद्यालय, मानपुर में सिविल हॉस्पिटल और अमरपुर को तहसील बनाने की घोषणा।
CM Mohan Yadav On Ladli Behna Yojana : नवरात्रि के पावन पर्व पर मध्य प्रदेश की 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 41वीं किस्त की राशि ट्रांसफर की गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 14 अक्टूबर को उमरिया जिले के गुरुवाही ग्राम में आयोजित कार्यक्रम में सिंगल क्लिक के माध्यम से कुल 1834 करोड़ रुपए अंतरित किए। इसके साथ ही गैस सिलेंडर रीफिल अनुदान के रूप में 23 लाख से अधिक पात्र महिलाओं के खातों में 115.10 करोड़ रुपए भेजे गए। कार्यक्रम में उमरिया जिले के लिए विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन करने के साथ कई अहम घोषणाएं भी की गईं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार लाड़ली बहना योजना के तहत हर महीने महिलाओं के खातों में 1500 रुपए की राशि भेज रही है। योजना की शुरुआत से अब तक 62 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश की आधी आबादी के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गैस सिलेंडर रीफिल योजना के तहत 23 लाख से अधिक पात्र हितग्राहियों को अनुदान राशि भी भेजी। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और गैर-उज्ज्वला श्रेणी की पात्र लाड़ली बहनों को 450 रुपए प्रति सिलेंडर के हिसाब से दो महीने की गैस रीफिल सहायता दी गई। मुख्यमंत्री के मुताबिक, पिछले तीन वर्षों में गैस रीफिल अनुदान के रूप में महिलाओं को 1600 करोड़ रुपए की सहायता दी जा चुकी है।
कार्यक्रम में उमरिया जिले के कुल 144 करोड़ रुपए की लागत वाले 136 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन किया गया। इनमें 87 करोड़ रुपए की लागत के 68 कार्यों का लोकार्पण और 57 करोड़ रुपए की लागत के 68 कार्यों का भूमि पूजन शामिल है। इन कार्यों में बांधवगढ़ और मानपुर विधानसभा क्षेत्रों के विकास कार्य भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर उमरिया में सांदीपनि विद्यालय बनाने की घोषणा की। मानपुर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का नया भवन बनाया जाएगा और केंद्र को सिविल हॉस्पिटल का दर्जा दिया जाएगा। इसके अलावा अमरपुर को तहसील के रूप में विकसित करने, जिले में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय संस्थाओं को रियायती दर पर जमीन आवंटित करने की घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए गोपालन और पशुपालन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के तहत 25 गाय खरीदने पर 10 लाख रुपए तक की सब्सिडी का प्रावधान है। उन्होंने जनजातीय क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होमस्टे योजना का जिक्र करते हुए कहा कि पर्यटकों के लिए सुविधायुक्त होमस्टे तैयार करने पर सरकार तीन लाख रुपए तक का अनुदान देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाथी के हमले में किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर उसके निकटतम परिजन को 25 लाख रुपए का मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने एयर एंबुलेंस, राहवीर योजना और आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार जरूरतमंदों को सहायता और पात्र हितग्राहियों को पांच लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज की सुविधा उपलब्ध करा रही है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश में 65 लाख महिलाएं स्व-सहायता समूहों से जुड़ी हैं। इनमें 25 प्रतिशत महिलाएं लखपति दीदी हैं। रोजगार आधारित उद्योगों में काम करने वाली महिलाओं को वेतन सहायता के रूप में अलग से पांच हजार रुपए देने का भी प्रावधान है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर उमरिया में सांदीपनि विद्यालय बनाने की घोषणा की।
उमरिया के मानपुर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का नया भवन बनाया जाएगा।
मानपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को सिविल हॉस्पिटल का दर्जा मिलेगा।
उमरिया में पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहन देने के लिए सभी जरूरी कदम उठाएंगे।
सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय संस्थाओं को एक चौथाई मूल्य पर भूमि आवंटित की जाएगी
उमरिया जिले के अमरपुर नगर को तहसील के रूप में विकसित किया जाएगा।