

National e-Governance Award 2026 : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुशल नेतृत्व में उज्जैन ने डिजिटल गवर्नेंस के क्षेत्र में एक और बड़ी राष्ट्रीय उपलब्धि हासिल की है। जयपुर के राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित 2 दिवसीय 29वें राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सम्मेलन में श्री महाकालेश्वर मंदिर में लागू किए गए एआई-आधारित एकीकृत निगरानी तंत्र "त्रिनेत्र" (TRINETRA) को प्रतिष्ठित स्वर्ण (गोल्ड) पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया गया।
उज्जैन कलेक्टर एवं अध्यक्ष, उज्जैन स्मार्ट सिटी लिमिटेड, रौशन कुमार सिंह ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। उन्होंने इस सफलता का श्रेय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन और उज्जैन प्रशासन व आईटी टीम के सामूहिक परिश्रम को दिया। सम्मेलन के पहले दिन कलेक्टर श्री सिंह ने "त्रिनेत्र" परियोजना का विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया, जिसे वहां मौजूद विशेषज्ञों और प्रतिनिधियों ने विशेष रूप से सराहा।
इस उपलब्धि पर केंद्र सरकार ने भी मुहर लगा दी है। अब उज्जैन का स्वदेशी एआई-आधारित "त्रिनेत्र" मॉडल देश के अन्य शहरों के लिए भी सुरक्षा और स्मार्ट निगरानी व्यवस्था का आधार बनेगा। इस महत्वपूर्ण कदम को आगे बढ़ाने के लिए जल्द ही डिजिटल इंडिया कॉर्पोरेशन और उज्जैन प्रशासन के बीच एक एमओयू (MOU) हस्ताक्षरित होगा।
सम्मेलन के समापन अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि राजस्थान के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। यह उपलब्धि न केवल उज्जैन के तकनीकी नवाचार को दर्शाती है, बल्कि संपूर्ण मध्यप्रदेश के लिए अत्यंत गर्व का विषय है।
https://www.youtube.com/watch?v=EJmGu_HsOgo