सिंहस्थ-2028 की तैयारी शुरू: उज्जैन पुलिस का 'सिंहस्थ सारथी' अभियान लॉन्च, 20 हजार वॉलिंटियर्स होंगे तैयार

Simhastha Volunteer Training : सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन पुलिस ने सिंहस्थ सारथी अभियान शुरू किया है। पूरे मध्य प्रदेश में 20 हजार और उज्जैन में 5000 प्रशिक्षित वॉलिंटियर्स तैयार होंगे।
Simhastha Sarathi Campaign
सिंहस्थ सारथी अभियान (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Simhastha Sarathi Campaign : उज्जैन में सिंहस्थ-2028 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन की तैयारियां अभी से शुरू हो गई हैं। इसी कड़ी में उज्जैन पुलिस ने 'सिंहस्थ सारथी' प्रशिक्षण अभियान का शुभारंभ किया है। इस पहल के तहत पूरे मध्य प्रदेश में 20 हजार प्रशिक्षित स्वयंसेवक तैयार किए जाएंगे, जिनमें से 5 हजार वॉलिंटियर्स केवल उज्जैन जिले से होंगे। पहले चरण में 1,800 स्वयंसेवकों और एनआरएस (NRS) सदस्यों का प्रशिक्षण शुरू किया गया है।

पुलिस सामुदायिक भवन में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्वयंसेवकों को भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार (CPR), संचार कौशल, श्रद्धालुओं से संवाद और आपातकालीन सहायता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य सिंहस्थ के दौरान किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति में प्रशासन का प्रभावी सहयोग सुनिश्चित करना है।

श्रद्धालुओं और प्रशासन के बीच अहम कड़ी बनेंगे वॉलिंटियर्स

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर पूर्व) आलोक शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में स्वयंसेवक पुलिस और प्रशासन के सहयोगी होने के साथ-साथ श्रद्धालुओं और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी की भूमिका निभाएंगे। प्रशिक्षित वॉलिंटियर्स श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन, सूचना सहायता, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, प्राथमिक उपचार और आपातकालीन राहत कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

चरणबद्ध तरीके से होगा प्रशिक्षण

उज्जैन पुलिस के अनुसार 'सिंहस्थ सारथी' अभियान के तहत प्रशिक्षण चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा। लक्ष्य है कि सिंहस्थ-2028 से पहले उज्जैन के सभी 5 हजार स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित कर पूरी तरह तैयार किया जाए। इससे करोड़ों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने में प्रशासन को बड़ी मदद मिलेगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com