जेन अल्फा के आंदोलन के आगे झुका प्रशासन, सराफा कन्या स्कूल रहेगा यथावत, खुलेंगे दो नए CM राइज स्कूल

Ujjain Gen Alpha Protest : उज्जैन में शासकीय सराफा कन्या विद्यालय को स्थानांतरित करने के विरोध में छात्राओं के आंदोलन का असर हुआ। प्रशासन ने स्कूल यथावत रखने और दो नए CM Rise स्कूल खोलने की घोषणा की।
Ujjain Sarafa Girls School Students Protest
जनप्रतिनिधियों के साथ स्कूली छात्राएं(फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Ujjain Sarafa Girls School : उज्जैन में महाकाल मंदिर के पास स्थित शासकीय सराफा कन्या विद्यालय को दूसरी जगह स्थानांतरित किए जाने के विरोध में छात्राओं के आंदोलन का बड़ा असर देखने को मिला है। चार दिन पहले किए गए प्रदर्शन के बाद आखिरकार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने छात्राओं की मांग मान ली। बुधवार को भाजपा सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन, नगर निगम अध्यक्ष, कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और भाजपा जिला अध्यक्ष स्कूल पहुंचे और छात्राओं के बीच घोषणा की कि वर्तमान स्कूल को कहीं और स्थानांतरित नहीं किया जाएगा।

दरअसल, 14 अगस्त को शासकीय कन्या सराफा विद्यालय की छात्राएं बड़ी संख्या में कलेक्टर कार्यालय पहुंची थीं। छात्राओं ने स्कूल को दूसरी जगह स्थानांतरित किए जाने के प्रस्ताव का विरोध करते हुए कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया था। इस दौरान छात्राओं के कई भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। वीडियो में छात्राएं स्कूल को बचाने की मांग करते हुए रोती-बिलखती नजर आई थीं। इसके बाद देशभर में छात्राओं के समर्थन में आवाज उठी।

छात्राओं की मांग प्रशासन ने मानी

लगातार विरोध के बाद बुधवार को सांसद, विधायक और प्रशासनिक अधिकारी छात्राओं से मिलने स्कूल पहुंचे। उन्होंने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि उनका विद्यालय वर्तमान स्थान पर ही संचालित होगा। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि छात्राओं को स्कूल को लेकर किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है। यदि भविष्य में नया स्कूल भवन बनाने की जरूरत पड़ती है तो उसे भी इसी क्षेत्र के आसपास विकसित किया जाएगा।

दो नए CM Rise स्कूल खोलने की घोषणा

स्कूल को यथावत रखने के साथ ही क्षेत्र में दो नए CM Rise स्कूल खोलने की भी घोषणा की गई है। इनमें एक स्कूल उत्तम नगर और दूसरा मुरलीपुरा क्षेत्र में प्रस्तावित है। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के इस निर्णय के बाद छात्राओं में खुशी का माहौल दिखाई दिया। छात्राओं ने इस फैसले का स्वागत करते हुए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का आभार जताया।

सांसद बोले- बेटियों का दर्द समझता हूं

सांसद अनिल फिरोजिया ने छात्राओं से कहा कि उनकी भी दो बेटियां हैं और वह बेटियों का दर्द समझते हैं। उन्होंने कहा कि वह शुरू से ही छात्राओं के साथ खड़े हैं और स्कूल को कहीं और नहीं जाने दिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि छात्राओं की सभी मांगों को स्वीकार कर लिया गया है।

Ujjain Sarafa Girls School Students Protest
पन्ना में उफनते नाले में बह गई बाइक, डूबने लगे, महिला समेत 3 लोग, ग्रामीणों ने मुश्किल से बचाई जान

सावन में छात्राओं की सुरक्षा पर भी फैसला

विधायक अनिल जैन ने कहा कि छात्राओं का स्कूल दूसरी जगह स्थानांतरित नहीं होगा। साथ ही सावन माह में महाकाल मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए छात्राओं की आवाजाही को सुगम बनाने की व्यवस्था की जाएगी। छात्राओं को स्कूल लाने-ले जाने वाली बसों के आगे पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी, ताकि उन्हें यातायात संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े। मांगें माने जाने के बाद छात्राओं ने खुशी जाहिर करते हुए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को धन्यवाद दिया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com