उज्जैन पुलिस की मुहिम रंग लाई, 1000 से ज्यादा लोगों ने ली नशामुक्ति की शपथ; युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील

Ujjain Police Campaign: उज्जैन के नागदा में ग्रेसिम इंडस्ट्रीज परिसर से 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' का शंखनाद, 1000 से अधिक लोगों ने ली नशामुक्ति की शपथ, पुलिस ने दी विधिक नसीहत।
Public awareness campaign against drug abuse strengthens community participation in Ujjain
उज्जैन पुलिस की नशा मुक्ति मुहिम (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Ujjain Police Nasha Mukti Campaign: मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित प्रदेशव्यापी जनजागरूकता अभियान "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" के तहत बुधवार को उज्जैन जिले के नागदा स्थित ग्रेसिम इंडस्ट्रीज परिसर में वृहद नशामुक्ति एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में 1000 से अधिक कर्मचारियों, अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तार से जानकारी देते हुए लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।

नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए घातक : करणदीप सिंह

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) करणदीप सिंह (आईपीएस) ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने बताया कि नशे की लत से व्यक्ति का शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित होता है, साथ ही उसका सामाजिक और आर्थिक जीवन भी संकट में पड़ जाता है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के नशे के प्रलोभन से दूर रहें, स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।

पुलिस का लक्ष्य केवल कानून व्यवस्था नहीं, नशामुक्त समाज भी

नगर पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह अहिरवार ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को सुरक्षित और नशामुक्त बनाने की दिशा में भी लगातार काम कर रही है। उन्होंने कर्मचारियों और नागरिकों से आग्रह किया कि वे स्वयं नशे से दूरी बनाए रखें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अन्य लोगों को भी इस अभियान से जोड़ें। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के बिना नशामुक्त समाज का लक्ष्य हासिल करना संभव नहीं है।

सभी प्रतिभागियों ने ली नशामुक्ति की शपथ

कार्यक्रम में थाना प्रभारी नागदा अमृतलाल गवरी, थाना प्रभारी बिरलाग्राम जितेंद्र पाटीदार, नागदा एवं बिरलाग्राम थानों के पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, ग्रेसिम इंडस्ट्रीज के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, पत्रकार और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को नशा न करने और समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई।

साथ ही नशे के दुष्परिणाम, उससे बचाव के उपाय और मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियानों की जानकारी साझा करते हुए लोगों से इस मुहिम को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

https://youtu.be/QtlG7Q8xbE8?si=IMj3hE1hwaD-vpai

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com