उज्जैन: नवविवाहिता की मौत मामले में पति और सास-ससुर गिरफ्तार, डाइंग डिक्लेरेशन के बाद हत्या का केस दर्ज

Ujjain Crime News: उज्जैन में नवविवाहिता प्रिया की मौत के मामले में पुलिस ने पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। महिला ने पति पर जबरन सल्फास खिलाने और मारपीट करने का आरोप लगाया गया था।
Ujjain Newly Married Woman Murder Case
पुलिस गिरफ्त में आरोपी (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Ujjain Newly Married Woman Murder Case: उज्जैन के भाटपचलाना थाना क्षेत्र के ग्राम बरथून में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस जांच में महिला के साथ लगातार प्रताड़ना और मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। मामले में हत्या और प्रताड़ना सहित विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम बरथून निवासी प्रिया की तबीयत 2 जून को जहरीला पदार्थ सेवन करने के बाद बिगड़ गई थी। उसे पहले नागदा में उपचार के लिए भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत में उज्जैन रेफर किया गया। उपचार के दौरान कार्यपालिक दंडाधिकारी के सामने दिए डाइंग डिक्लेरेशन में प्रिया ने आरोप लगाया था कि उसके पति बालकदास बैरागी ने उसके साथ मारपीट की और जबरन सल्फास की गोली खिलाई।

जांच में प्रताड़ना का हुआ खुलासा

इलाज के दौरान 5 जून को प्रिया की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच शुरू की। महिला के मायके पक्ष के लोगों के बयान भी दर्ज किए गए और घटनाक्रम से जुड़े सबूत इकट्ठे किए गए। जांच में यह भी सामने आया कि विवाह के बाद से ही महिला को घरेलू बातों को लेकर प्रताड़ित किया जाता था तथा उसके साथ मारपीट की जाती थी।

पुलिस ने पति, ससुर और सास को किया गिरफ्तार

जांच में पर्याप्त सबूत मिलने के बाद पुलिस ने पति बालकदास बैरागी, सास और ससुर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। एसडीओपी खाचरौद के निर्देशन में गठित विशेष पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को महज दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

पहले भी दर्ज हो चुका है मारपीट मामला

पुलिस ने बताया कि आरोपी पति के खिलाफ पूर्व में भी पत्नी के साथ मारपीट का मामला दर्ज हो चुका है। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, जबकि मृतिका के परिजन आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com