

Woman Murdered In Sagar: मध्य प्रदेश के सागर जिले में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। रहली थाना क्षेत्र के ग्राम बोमा खजूरा में एक पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार, 28 वर्षीय देवकी गौंड गुरुवार रात खाना खाने के बाद घर में सो रही थी। इसी दौरान उसका पति मोहन गौंड घर पहुंचा। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने कुल्हाड़ी उठाकर पत्नी की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। बताया जा रहा है कि आरोपी ने एक के बाद एक तीन बार गर्दन पर वार किया, जिससे देवकी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बलेह चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। शुक्रवार को रहली स्वास्थ्य केंद्र में शव का पोस्टमार्टम कराया गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों के मुताबिक, देवकी की शादी करीब 6 साल पहले मोहन गौंड से हुई थी। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं बेटे की उमर 4 साल है और बेटी की उमर 2 साल है। वारदात के समय दोनों बच्चे घर में ही सो रहे थे। देवकी का मायका दमोह जिले के पोड़ी फतेहपुर में बताया गया है। ड्यूटी डॉक्टर डॉ. अनामिका विश्वास के अनुसार, पोस्टमार्टम में गर्दन पर धारदार हथियार के गहरे घाव पाए गए हैं, जिससे हत्या की पुष्टि हुई है।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी पति की तलाश जारी है। शुरुआती जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। यह खबर घरेलू हिंसा के गंभीर पहलुओं को उजागर करती है। विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसे मामलों में समय रहते हस्तक्षेप और परामर्श बेहद जरूरी होता है, जिससे इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। अब इस घटना ने पूरे मध्य प्रदेश में हड़कंप मचा दिया है। ऐसे में देखना होगा कि पुलिस आरोपी को कब तक गिरफ्तार करती है।