उज्जैन: जमीन विवाद ने लिया खूनी संघर्ष का रूप, लोहे के एंगल से हमला कर 2 लोगों को किया गंभीर घायल

Mahidpur Land Dispute: जमीन और मकान को लेकर चल रहे विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडे और लोहे के एंगल से हमला कर दिया। हमले में 2 लोग घायल हुए हैं।
Ujjain Crime News
विवाद में घायल युवक (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Ujjain Crime News: उज्जैन जिले की महिदपुर तहसील के ग्राम बालोदा में जमीन और मकान विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने शनिवार को हिंसक रूप ले लिया। खेत की नपती के बाद शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष पर लोहे के एंगल और लाठियों से हमला कर दिया गया। घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसके बाद मामले ने क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।

पीड़ित पक्ष के पवन आंजना ने बताया कि उनका परिवार पिछले करीब 40 सालों से गांव में निवास कर रहा है। हाल ही में राजस्व विभाग की टीम द्वारा जमीन की नपती की गई थी। नपती के दौरान उनके मकान का कुछ हिस्सा दूसरे पक्ष की भूमि में आना बताया गया था। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मामले के समाधान को लेकर बातचीत चल रही थी।

दो पक्षों में मारपीट

पवन आंजना के अनुसार शनिवार को उनका परिवार मकान खाली कर सामान हटाने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के मांगीलाल, रणजीत और रामेश्वर वहां पहुंच गए और उन्हें सामान हटाने से रोकने लगे। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।

दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद लोहे के भारी एंगल और लाठियों से हमला किया गया। हमले में दो लोगों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित पक्ष का कहना है कि बीच-बचाव करने आए परिवार के अन्य सदस्यों को भी नहीं छोड़ा गया और उन्हें भी दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया।

पीड़ितों का अस्पताल में इलाज जारी

घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं पीड़ित परिवार ने महिदपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।.

पुलिस से सुरक्षा देने की मांग

पीड़ितों का आरोप है कि घटना का वीडियो सामने आने के बावजूद अब तक कोई ठोस वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने प्रशासन और पुलिस से सुरक्षा प्रदान करने तथा आरोपियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com