उज्जैन: महामंडलेश्वर पर महिला ने लगाए दुष्कर्म के आरोप, संत बोले- बदनाम करने की साजिश; पुलिस जांच में जुटी

Woman Accuses Mahamandaleshwar: उज्जैन में महामंडलेश्वर पर महिला ने लगाया दुष्कर्म का आरोप, संत ने बताया हनीट्रैप की साजिश, गृहमंत्री-डीजीपी तक पहुंची शिकायत पर जांच में जुटी महाकाल थाना।
Woman files rape allegation against Mahamandaleshwar in Ujjain as police begin investigation
महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज ने रखा अपना पक्ष (सोर्स- नवभारत लाइव)
Updated on

Ujjain Mahamandaleshwar Rape Allegations: उज्जैन के सदावल रोड स्थित दादू आश्रम के महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज पर एक महिला ने दुष्कर्म, मारपीट, जान से मारने की धमकी और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

महिला ने मामले की शिकायत प्रदेश के गृहमंत्री, डीजीपी, आईजी और उज्जैन एसपी को भेजते हुए निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।

फेसबुक पर संपर्क के बाद आश्रम पहुंचने का दावा

महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले उसकी मुलाकात दत्त अखाड़ा आश्रम में महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के माध्यम से बातचीत शुरू हुई। महिला का आरोप है कि वर्ष 2025 की गुरु पूर्णिमा के दौरान वह अपने भाई के साथ दादू आश्रम गई थी। वहां कुछ दिनों तक रुकने के दौरान महामंडलेश्वर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला का कहना है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और घटना का वीडियो वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी देकर उसे चुप रहने के लिए दबाव बनाया गया।

महामंडलेश्वर ने आरोपों को बताया निराधार

दूसरी ओर, महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज ने महिला द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार और बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि उन्हें सुनियोजित तरीके से बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि संबंधित महिला लंबे समय से उन्हें ब्लैकमेल कर रही थी और हनीट्रैप में फंसाने का प्रयास कर रही थी। महामंडलेश्वर के अनुसार, उन्होंने अपने पक्ष में ऑडियो, वीडियो और अन्य दस्तावेजी साक्ष्य पुलिस को उपलब्ध करा दिए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

पुलिस बोली- जांच पूरी होने के बाद होगी कार्रवाई

महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि दोनों पक्षों से प्राप्त शिकायतों, उपलब्ध दस्तावेजों, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और तकनीकी तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कर रही है। मामले में अभी किसी भी पक्ष के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

https://youtu.be/6BBHwZtI170?si=hlKGb_8ZqhW497Df

Navbharat Live
navbharatlive.com