उज्जैन : बाबा महाकाल की दूसरी सवारी, चांदी की पालकी में दिए चंद्रमोलेश्वर ने दर्शन, 7 दिसंबर को राजसी सवारी

Mahakal Sawari Ujjain 2026 : उज्जैन में 23 नवंबर को बाबा महाकाल की दूसरी सवारी निकाली गई। चांदी की पालकी में भगवान चंद्रमोलेश्वर ने नगर भ्रमण किया। तीसरी सवारी 30 नवंबर को निकलेगी।
Second Mahakal sawari in Ujjain on 23 November 2026
बाबा महाकाल की सवारी निकली फोटो सोर्स - सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights :

  • उज्जैन में भगवान महाकाल की दूसरी सवारी निकली, चांदी की पालकी में नगर भ्रमण पर निकले।

  • पुलिस जवानों की सलामी के बाद सवारी ने रामघाट पर मां शिप्रा के जल से अभिषेक किया।

  • बैंड बाजे, घुड़सवार दल और भजन मंडलियों ने इस भव्य सवारी की शोभा बढ़ाई।

  • अगली सवारी 30 नवंबर को और अंतिम राजसी सवारी 7 दिसंबर को निकाली जाएगी।

Ujjain Mahakal Sawari November : धार्मिक नगरी उज्जैन में सोमवार को कार्तिक माह में भगवान महाकालेश्वर की दूसरी सवारी भव्य रूप से निकाली गई। शाम 4 बजे राजाधिराज बाबा महाकाल चांदी की पालकी में भगवान चंद्रमोलेश्वर के रूप में विराजित होकर नगर भ्रमण पर निकले। सवारी के दौरान मार्ग के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। भक्तों ने जगह जगह फूलों की वर्षा कर बाबा का स्वागत किया और जय श्री महाकाल के जयकारों से पूरा मार्ग गूंज उठा।

विधि विधान से पूजन के बाद मंदिर से रवाना हुई सवारी

सवारी निकलने से पहले महाकालेश्वर मंदिर के सभामंडप में भगवान चंद्रमोलेश्वर का विधि विधान से पूजन अर्चन किया गया। पुजारी आशीष शर्मा ने संपन्न कराया। इसके बाद जैसे ही बाबा की पालकी मंदिर के मुख्य द्वार पर पहुंची वहां पर तैनात पुलिस जवानों ने भगवान को सलामी दी। इसके साथ ही जयकारों के बीच सवारी नगर भ्रमण के लिए रवाना हुई।

रामघाट पर मां शिप्रा के जल से किया अभिषेक

बाबा महाकाल की पालकी मंदिर से निकलकर गुदरी चौराहा बक्षी बाजार और कहारवाड़ी होते हुए रामघाट पहुंची। यहां मां शिप्रा के जल से भगवान श्री चंद्रमोलेश्वर का विधिवत पूजन किया गया। इसके बाद सवारी गणगौर दरवाजा, मोढ़ की धर्मशाला, कार्तिक चौक, खाती का मंदिर, सत्यनारायण मंदिर और ढाबा रोड होते हुए छत्री चौक पहुंची।

यहां से बाबा की पालकी गोपाल मंदिर पहुंची, जहां पूजन अर्चन के बाद पटनी बाजार और गुदरी चौराहे से होते हुए फिर महाकालेश्वर मंदिर लौटी।

बैंड बाजे और भजन मंडलियों ने बनाया भक्तिमय माहौल

सवारी में मंदिर के पुजारी और पुरोहित, महाकालेश्वर मंदिर बैंड, पुलिस बैंड, घुड़सवार दल और सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल रहे। मंदिर प्रचार वाहन, तोपची और कड़ाबीन के जरिए बाबा के आगमन की सूचना दी जा रही थी। वहीं भजन मंडलियों ने भजनों की प्रस्तुतियां देकर माहौल भक्तिमय बना दिया।

इस दौरान मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर रोशन कुमार सिंह प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक और पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे

Second Mahakal sawari in Ujjain on 23 November 2026
उज्जैन में आधी रात को हुआ हरिहर मिलन, महाकाल ने तुलसी तो द्वारकाधीश ने बिल्वपत्र की माला पहनाकर निभाई परंपरा

30 नवंबर को तीसरी और 7 दिसंबर को राजसी सवारी

महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अनुसार कार्तिक एवं अगहन (मार्गशीर्ष) माह की परंपरागत सवारियों का क्रम जारी रहेगा। भगवान महाकाल की तीसरी सवारी सोमवार 30 नवंबर 2026 को निकाली जाएगी। इसके बाद सोमवार 7 दिसंबर को चौथी और अंतिम सवारी निकलेगी जिसे राजसी सवारी के रूप में आयोजित किया जाएगा। इन सवारियों में बाबा महाकाल नगर भ्रमण कर श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे।