UGC रेगुलेशन एक्ट के विरोध में 15 हजार किमी की जनजागरण यात्रा, दिल्ली में क्षत्रिय करणी सेना की महापंचायत

Karni Sena Protest : UGC रेगुलेशन एक्ट 2026 के विरोध में 15 हजार किमी की जनजागरण वाहन यात्रा शुरू हुई है। 23 अगस्त को दिल्ली में सवर्ण आक्रोश महापंचायत होगी।
UGC Regulation Act Protest Awareness Yatra
मुरैना में प्रेस वार्ता(फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

UGC Regulation Act 2026 Protest : UGC रेगुलेशन एक्ट की कथित विसंगतियों के विरोध में क्षत्रिय करणी सेना और अखंड करणी पार्टी ने 15 हजार किलोमीटर लंबी जनजागरण वाहन यात्रा शुरू की है। मुरैना में आयोजित प्रेसवार्ता में संगठन के पदाधिकारियों ने यात्रा और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। यात्रा के जरिए विद्यार्थियों, अभिभावकों और सामान्य वर्ग के लोगों को एक्ट के प्रावधानों के बारे में जानकारी देने का दावा किया गया है।

क्षत्रिय करणीसेना और अखंड करणी पार्टी के व्यवस्थापक डॉ. राज शेखावत ने बताया कि 15 हजार किलोमीटर लंबी जनजागरण वाहन यात्रा 5 अगस्त से शुरू हुई है। यह यात्रा राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से होते हुए 23 अगस्त को दिल्ली पहुंचेगी। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर लोगों से संवाद कर यूजीसी रेगुलेशन एक्ट 2026 की कथित विसंगतियों को लेकर जागरूक किया जाएगा।

विद्यार्थियों और अभिभावकों से संवाद

आयोजकों के मुताबिक, जनजागरण वाहन यात्रा के दौरान विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षाविदों और सामान्य वर्ग के नागरिकों से संपर्क किया जाएगा। संगठन का कहना है कि लोगों को यूजीसी रेगुलेशन एक्ट के उन प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी, जिन्हें वे विसंगतिपूर्ण मानते हैं। इसके साथ ही इस मुद्दे पर आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

23 अगस्त को दिल्ली में सवर्ण आक्रोश महापंचायत

डॉ. राज शेखावत ने बताया कि 23 अगस्त को दिल्ली में ‘यूजीसी रोलबैक सवर्ण आक्रोश महापंचायत’ आयोजित की जाएगी। जनजागरण यात्रा इसी महापंचायत के साथ समाप्त होगी। संगठन की ओर से महापंचायत के जरिए UGC रेगुलेशन एक्ट 2026 को रोलबैक करने की मांग प्रमुखता से उठाने की बात कही गई है।

पांच राज्यों से होकर गुजरेगी यात्रा

जनजागरण वाहन यात्रा राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान संगठन से जुड़े कार्यकर्ता लोगों को अपने आंदोलन के उद्देश्य और मांगों की जानकारी देंगे। आयोजकों का कहना है कि यात्रा के जरिए इस मुद्दे को व्यापक स्तर पर उठाने और सामान्य वर्ग के लोगों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है।

UGC Regulation Act Protest Awareness Yatra
छतरपुर में जटाशंकर से दर्शन कर लौट रहे 5 युवकों की कार कुएं में गिरी, एक की मौत, चार सुरक्षित बचाए गए

एक्ट को लेकर जनजागृति का दावा

डॉ. शेखावत ने कहा कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य UGC रेगुलेशन एक्ट 2026 को लेकर जनजागृति पैदा करना है। उन्होंने कहा कि 23 अगस्त को दिल्ली में होने वाली महापंचायत के माध्यम से एक्ट को वापस लेने की मांग को केंद्र सरकार तक पहुंचाया जाएगा। संगठन ने अधिक से अधिक लोगों से महापंचायत में शामिल होने की अपील की है।

Navbharat Live
navbharatlive.com