Highlights :
उज्जैन के कालभैरव मंदिर में VIP दर्शन व्यवस्था बंद।
500 रुपए की VIP दर्शन रसीद अगले आदेश तक जारी नहीं होगी।
गर्भगृह में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर भी रोक।
भीड़ सामान्य होने पर प्रशासन आगे का निर्णय लेगा।
Kaal Bhairav Temple VIP Darshan Closed: उज्जैन जिले के प्रसिद्ध कालभैरव मंदिर में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने दर्शन व्यवस्था में बदलाव किया है। मंदिर में 500 रुपए की VIP दर्शन रसीद व्यवस्था फिलहाल बंद कर दी गई है। इसके साथ ही गर्भगृह में प्रवेश पर भी पूरी तरह रोक लगा दी गई है। अगले आदेश तक श्रद्धालुओं को सामान्य कतार में लगकर ही दर्शन करने होंगे।
कालभैरव मंदिर में इन दिनों बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। भीड़ का दबाव इतना बढ़ गया था कि 500 रुपए की VIP दर्शन रसीद लेने के बाद भी श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए तीन से चार घंटे तक कतार में खड़ा रहना पड़ रहा था। VIP सुविधा का अपेक्षित लाभ नहीं मिलने और सामान्य दर्शन व्यवस्था प्रभावित होने के कारण प्रशासन ने ये फैसला लिया है।
आमतौर पर मंदिर में शनिवार और रविवार को 500 रुपए की VIP दर्शन रसीद जारी नहीं की जाती थी। अब श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए अन्य दिनों में भी इस व्यवस्था पर रोक लगा दी गई है। मंदिर कर्मचारियों के मुताबिक भीड़ अधिक रहने पर VIP दर्शन व्यवस्था बंद रखी जाएगी। सोमवार को भी भीड़ का दबाव बना रहा तो रसीद सुविधा बहाल नहीं की जाएगी।
मंदिर कर्मचारी के अनुसार तहसीलदार के निर्देश पर गर्भगृह में श्रद्धालुओं का प्रवेश भी फिलहाल पूरी तरह बंद रखा गया है। VIP दर्शन रसीद और गर्भगृह प्रवेश की सुविधा दोबारा कब शुरू होगी इसकी समय सीमा अभी तय नहीं की गई है। भीड़ सामान्य होने के बाद अधिकारियों से चर्चा कर आगे का निर्णय लिया जाएगा। तब तक सभी श्रद्धालु सामान्य कतार से ही कालभैरव के दर्शन कर सकेंगे।