

Ujjain Crime News: उज्जैन जिले के इंगोरिया थाना क्षेत्र के ग्राम पलवा में पुश्तैनी प्लॉट को लेकर हुए विवाद ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि बड़े पापा और उनके परिवार के सदस्यों ने लाठी एवं लोहे की सब्बल से हमला कर एक ही परिवार के छह लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। सभी घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।
फरियादी आशुतोष डोडिया के अनुसार उनकी माताजी के नाम दर्ज पुश्तैनी प्लॉट पर पिछले दो-तीन दिनों से साफ-सफाई कर खंभे लगाए जा रहे थे। रविवार दोपहर करीब 2 बजे उनके बड़े पापा नारायण, उनके बेटे दिनेश, महेश, यशवंत, अंकित तथा परिवार की कुछ महिलाएं मौके पर पहुंचीं और लगाए गए खंभों को उखाड़ने लगीं। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी और लोहे की सब्बल से हमला कर दिया। आशुतोष ने बताया कि दिनेश ने उनके सिर पर सब्बल से कई वार किए, जिससे उनका सिर फट गया और उन्हें कई टांके लगाने पड़े। हमले में उनके शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटें आई हैं।
हमले के दौरान भाई को बचाने पहुंची बहन सागर बाई को भी निशाना बनाया गया। उनके सिर में गंभीर चोट आई और हाथ फ्रैक्चर हो गया। इसके अलावा आशुतोष की मां मानकुंवर, छोटी मां भायगबाई और पत्नी सोनाली भी मारपीट में घायल हो गईं। सभी के हाथ, पैर, कमर और पीठ पर चोटें आई हैं। ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।
घायलों को पहले इंगोरिया के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल उज्जैन रेफर कर दिया गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी जाते समय दोबारा प्लॉट पर आने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। इंगोरिया थाना पुलिस ने नारायण, दिनेश, महेश, यशवंत, अंकित सहित करीब सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।