उज्जैन: फायर अधिकारी से मारपीट के बाद निगम का एक्शन, होटल किया सील; बुलडोजर कार्रवाई के दौरान 2 घंटे तक हंगामा

Ujjain Hotel Sealed: उज्जैन में फायर ऑफिसर से मारपीट के बाद बड़ा एक्शन, 2 घंटे के हाई-वोल्टेज ड्रामे के बीच नगर निगम ने कड़े विलेख संग मां पीतांबरा होटल को किया सील।
Ujjain Municipal Corporation seals hotel after alleged assault on fire officer during inspection
महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Ujjain Municipal Corporation Action: महाकाल मंदिर क्षेत्र स्थित मां पीतांबरा होटल रेजिडेंसी में फायर सेफ्टी जांच के दौरान नगर निगम के प्रभारी फायर अधिकारी से मारपीट के मामले ने गुरुवार को नया मोड़ ले लिया। एक ओर नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर घटना का विरोध जताया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की, वहीं शाम को नगर निगम का अमला बुलडोजर लेकर होटल पहुंच गया। करीब दो घंटे तक मौके पर हाई वोल्टेज हंगामा चलता रहा। बाद में नगर निगम ने होटल को सील कर दिया।

नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी, पुलिस बल और महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू की गई। निगम अधिकारियों का कहना था कि होटल का कुछ हिस्सा अवैध निर्माण की श्रेणी में आता है और पूर्व में दिए गए नोटिस व सर्वे के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई के दौरान होटल संचालक और उसके परिजनों ने किया विरोध

कार्रवाई के दौरान होटल संचालक और उनके परिजनों ने विरोध किया। होटल मालिक ने फायर सेफ्टी अधिकारी लक्ष्मण प्रसाद साहू पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जांच के दौरान अधिकारियों ने अभद्र व्यवहार किया था, जिसके बाद उनके बेटे की अधिकारी से झड़प हुई। उनका आरोप है कि प्रशासन उनके खिलाफ बदले की भावना से बुलडोजर कार्रवाई कर रहा है। और नगर निगम के द्वारा उन्हें कोई भी नोटिस नहीं दिया गया है.. उन्होंने यह भी कहा कि उनके बेटे को पुलिस के सामने पेश कर दिया गया है, इसके बावजूद यह कार्रवाई की जा रही है।

मामला भी किया जा चुका है दर्ज- महाकाल थाना प्रभारी

महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि बुधवार को फायर सेफ्टी जांच के दौरान हुए विवाद में नगर निगम के प्रभारी फायर अधिकारी के साथ मारपीट की शिकायत पर पहले ही मामला दर्ज किया जा चुका था। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम अपनी वैधानिक कार्रवाई कर रहा है और पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर तैनात है। होटल पक्ष की ओर से यदि कोई लिखित शिकायत दी जाती है तो उसकी भी नियमानुसार जांच की जाएगी।

कर्मचारी के साथ मारपीट की घटना दुर्भाग्यपूर्ण- नगर निगम अधिकारी

नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि शासकीय कर्मचारी के साथ मारपीट की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। इसी के विरोध में सभी कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया। अधिकारियों के अनुसार होटल के संबंध में पहले से सर्वे और नोटिस की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी थी। भवन में निर्धारित सेटबैक और बिल्डिंग लाइन का उल्लंघन पाए जाने के कारण नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई किसी व्यक्तिगत कारण से नहीं, बल्कि भवन संबंधी नियमों के उल्लंघन के आधार पर की जा रही है।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद जयसिंहपुरा क्षेत्र में करीब दो घंटे तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में नगर निगम ने अंततः होटल को सील कर दिया। मामले को लेकर प्रशासन और होटल संचालक के अलग-अलग दावे सामने आने के बाद अब पूरे प्रकरण पर सभी की नजर बनी हुई है।

https://youtu.be/83M_2J8_-1g?si=8KQUNsQggU8RdbOC

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com