सहकारी बैंक और सोसायटी से जुड़ा 4.67 करोड़ रुपए का ऋण घोटाला, बिना जानकारी के 1221 किसान हो गए डिफाल्टर

Ujjain Cooperative Bank Loan Scam : उज्जैन की घट्टिया तहसील की निपानिया गोयल सोसायटी और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में 4.67 करोड़ का ऋण घोटाला। बिना जानकारी के 1221 किसान डिफाल्टर हो गए।
ujjain eow
उज्जैन की घट्टिया तहसील में बड़ा घोटालाफोटो सोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • उज्जैन की घट्टिया तहसील में 4 करोड़ 67 लाख का ऋण घोटाला।

  • निपानिया गोयल सोसायटी और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में ऋण घोटाला।

  • बिना जानकारी किसानों के ऋण खाते खोले।

  • 1221 किसान हो गए डिफाल्टर।

Ujjain Cooperative Bank 4.67 Crore Loan Scam : उज्जैन जिले में सहकारी बैंक और सोसायटी से जुड़ा 4 करोड़ 67 लाख रुपए से ज्यादा का ऋण घोटाला सामने आया है। घट्टिया तहसील की निपानिया गोयल सोसायटी और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की घट्टिया शाखा में कथित फर्जीवाड़े के चलते 1221 किसान डिफाल्टर हो गए।

आरोप है कि किसानों की जानकारी के बिना उनके नाम पर ऋण खाते खोलकर करोड़ों रुपए का लेन-देन किया गया। ईओडब्ल्यू की जांच में कई जिम्मेदारों की भूमिका सामने आई है। अब सबसे बड़ी परेशानी उन किसानों के सामने है, जिन्हें बिना कर्ज लिए ही डिफाल्टर होने का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।

किसानों की जानकारी के बिना खोले उनके ऋण खाते

जांच के मुताबिक साल 2019-22 के बीच किसानों की जानकारी के बिना उनके नाम पर रबी और खरीफ सीजन के ऋण खाते खोले गए। आरोप है कि ऋण की राशि केसीसी खातों के बजाय बचत खातों में दर्शाई गई। ऑडिट के दौरान फर्जी ऋण की राशि को संस्था के क्रेडिट खाते से समायोजित किया जाता रहा, जिससे लंबे समय तक गड़बड़ी छिपी रही।

3 आरोपियों की मौत, 1 अधिकारी बर्खास्त

इस मामले में निपानिया सोसायटी के तत्कालीन प्रबंधक सुमेरसिंह सिसौदिया, प्रशासक चंद्रेश जोशी, सीसीबी घट्टिया शाखा के तत्कालीन प्रबंधक शिव हरदेनिया और बैंक प्रबंधक महेशचंद्र राठौर की भूमिका जांच में सामने आने की बात कही गई है। इनमें से तीन आरोपियों की मृत्यु हो चुकी है, जबकि महेशचंद्र राठौर को विभाग ने बर्खास्त कर दिया है।

किसानों को भुगतना पड़ रहा खामियाजा

इस पूरे मामले का सबसे बड़ा नुकसान उन किसानों को उठाना पड़ रहा है, जिन्होंने कर्ज लिया ही नहीं या अपना पुराना कर्ज चुका दिया था। इसके बावजूद बैंक रिकॉर्ड में डिफाल्टर दर्ज होने के कारण किसानों को नया केसीसी ऋण और खाद-बीज उधार पर मिलने में परेशानी हो रही है।

ujjain eow
सीहोर के वेदांता हार्ट केयर अस्पताल में मरीज की मौत पर फूटा परिजनों का गुस्सा, सड़क पर शव रखकर किया चक्काजाम

नियमानुसार होगी वसूली की कार्रवाई

उज्जैन के घोटाले में मामले में सीसीबी के सीईओ विशेष सक्सेना ने बताया कि तत्कालीन बैंक प्रबंधक को बर्खास्त किया गया है और नियमानुसार कार्रवाई व वसूली की जाएगी। वहीं सहकारिता विभाग के डीआर अरुण मिश्रा के अनुसार धारा 64 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालयीन प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इधर ईओडब्ल्यू इंदौर के एसपी रामेश्वर यादव ने बताया कि विभागीय जांच पूरी हो चुकी है और जल्द ही अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।