

Ujjain Baledi Murder Case: उज्जैन जिले के इंगोरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बलेडी में नाली के पानी को लेकर चल रहे पुराने विवाद ने गुरुवार रात खूनी रूप ले लिया। लाठी-डंडों से की गई मारपीट में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बलेडी निवासी राहुल पिता शिवा मोंगिया (24) गुरुवार देर रात करीब 12 बजे खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में गांव के ही भुराल, रोहित, विशाल और दीपक ने उसे रोक लिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों और राहुल के परिवार के बीच लंबे समय से नाली के पानी की निकासी को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने राहुल पर हमला कर दिया।
इंगोरिया थाना प्रभारी दीपेश व्यास के मुताबिक चारों आरोपियों ने लकड़ी और डंडों से राहुल के सिर तथा शरीर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उज्जैन रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान राहुल ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दीपेश व्यास पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मृतक के भाई की शिकायत पर थाना इंगोरिया में आरोपियों भुराल, रोहित, विशाल और दीपक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 3(5) और 115(2) के तहत हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों भुराल और रोहित को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं घटना के बाद से फरार विशाल और दीपक की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्ट मार्टम कराया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया। युवक की मौत के बाद गांव में शोक का माहौल है।