सितंबर में राहुल गांधी की उज्जैन दौरा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद; बाबा महाकाल के दर्शन भी संभव

Rahul Gandhi Upcoming Ujjain Visit: राहुल गांधी का सितंबर में उज्जैन दौरा प्रस्तावित, संगठन सृजन अभियान के तहत उज्जैन संभाग के 7 जिलों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से करेंगे सीधे संवाद।
Congress workers interaction during Rahul Gandhi Ujjain tour
राहुल गांधी(सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Rahul Gandhi Ujjain Visit September: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के सितंबर में उज्जैन दौरे का प्रस्ताव सामने आया है। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत राहुल गांधी उज्जैन संभाग में संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद कर सकते हैं।

दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। हालांकि, अभी राहुल गांधी के उज्जैन आने की तारीख आधिकारिक तौर पर तय नहीं हुई है।

सात जिलों के कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना

प्रस्तावित कार्यक्रम में केवल उज्जैन जिले के कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि पूरे उज्जैन संभाग से कांग्रेस पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना है। रतलाम, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर और नीमच जिलों के कांग्रेस कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में पहुंच सकते हैं। बैठक में जिला और ब्लॉक अध्यक्षों के साथ मंडलम अध्यक्ष, ग्राम पंचायत अध्यक्ष, बीएलए-2 तथा संगठन सृजन के तहत नियुक्त अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को शामिल किए जाने की तैयारी है।

क्षीरसागर या कार्तिक मेला ग्राउंड में हो सकता है कार्यक्रम

राहुल गांधी के संभावित कार्यक्रम के लिए उज्जैन के क्षीरसागर मैदान और कार्तिक मेला ग्राउंड को संभावित स्थल माना जा रहा है। हालांकि अंतिम फैसला प्रशासनिक अनुमति मिलने के बाद ही होगा। स्थल तय होने के बाद कांग्रेस की ओर से डोम, बैठक व्यवस्था, मंच और अन्य आवश्यक तैयारियां की जाएंगी। जिला अध्यक्ष महेश परमार और शहर अध्यक्ष मुकेश भाटी कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने में जुटे हैं। पार्टी संगठन इसे कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद के बड़े अवसर के रूप में देख रहा है।

Congress workers interaction during Rahul Gandhi Ujjain tour
4 साल में भी फर्स्ट ईयर क्लियर नहीं हुआ तो नर्सिंग छात्र बिल्डिंग पर चढ़े, दी आत्महत्या की धमकी! देखें VIDEO

जमीनी संगठन को मजबूत करने पर हो सकती है चर्चा

प्रस्तावित बैठक में राहुल गांधी जमीनी स्तर पर कांग्रेस संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं की भूमिका और पार्टी को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा कर सकते हैं। संगठन सृजन के तहत नियुक्त पदाधिकारियों से उनके क्षेत्र की स्थिति और संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी भी ली जा सकती है। वहीं राहुल गांधी के उज्जैन दौरे के दौरान बाबा महाकाल के दर्शन की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि मंदिर दर्शन कार्यक्रम से पहले होगा या बाद में, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। फिलहाल कांग्रेस संगठन तारीख और कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार कर रहा है।

Navbharat Live
navbharatlive.com