

Ujjain Municipal Corporation Action Anti Encroachment: उज्जैन में आगामी सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत प्रशासन ने आरक्षित भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में सोमवार को नगर निगम ने जूना सोमवारिया क्षेत्र स्थित मदीना कॉलोनी के पीछे सिंहस्थ के लिए आरक्षित जमीन पर बने 20 अवैध मकानों को ध्वस्त कर दिया।
प्रशासन की इस बड़ी कार्रवाई के दौरान निगम का अमला जेसीबी और पोकलेन मशीनों के साथ मौके पर मौजूद रहा। हालांकि, प्रभावित परिवारों को पहले अपने घरों से सामान निकालने का पर्याप्त समय दिया गया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार जूना सोमवारिया स्थित मदीना कॉलोनी टंकी के पीछे करीब तीन हेक्टेयर भूमि सिंहस्थ मेले के लिए आरक्षित है। पिछले कई वर्षों में इस जमीन पर लोगों ने अवैध कब्जा कर मकान बना लिए थे। प्रशासन का कहना है कि सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन के लिए यह भूमि अत्यंत महत्वपूर्ण है और यहां मेले के दौरान बड़े शिविरों एवं अन्य व्यवस्थाओं की स्थापना की जानी है।
इस क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पहली बार नहीं की गई है। इससे पहले 18 अक्टूबर 2024 को नगर निगम ने अभियान चलाकर करीब 80 अवैध मकानों और 10 गोदामों को हटाया था। उस समय कुछ प्रभावित लोगों ने न्यायालय की शरण ली थी और हाईकोर्ट से स्थगन आदेश प्राप्त कर लिया था। इसके चलते आगे की कार्रवाई कुछ समय के लिए रोक दी गई थी। बाद में कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मामले की दोबारा सुनवाई की गई।
नगर निगम के जोन क्रमांक-1 के भवन अधिकारी राजकुमार राठौर ने बताया कि न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप जोन स्तर पर सुनवाई की गई थी। सुनवाई के बाद शेष अतिक्रमण हटाने के आदेश जारी किए गए और कब्जाधारियों को भूमि खाली करने के लिए नोटिस भी दिए गए थे। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद सोमवार सुबह से कार्रवाई शुरू की गई।
प्रशासन का कहना है कि सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को देखते हुए पूरे क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त किया जा रहा है, जिससे मेले के आयोजन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जा सकें।