

Highlights:
अभिनेत्री हंसिका मोटवानी ने उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन किए।
एक्ट्रेस ने कहा- महाकाल मंदिर आने का सपना आज पूरा हुआ।
मंदिर की व्यवस्थाओं और हॉस्पिटैलिटी की तारीफ की।
Hansika Motwani Mahakal Darshan : टीवी और फिल्म अभिनेत्री हंसिका मोटवानी रविवार को धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंचीं। उन्होंने तड़के श्री महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल की प्रातःकालीन भस्म आरती में शामिल होकर दर्शन किए। इस दौरान अभिनेत्री पूरी तरह शिव भक्ति में लीन नजर आईं।
एक्ट्रेस ने नंदी हॉल में बैठकर बाबा महाकाल की दिव्य भस्म आरती के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। दर्शन के बाद उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि महाकाल मंदिर आने की उनकी वर्षों पुरानी इच्छा आज पूरी हो गई।
भस्म आरती के दौरान हंसिका मोटवानी भक्तिभाव में नजर आईं। उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर आरती की पूरी प्रक्रिया देखी। आरती संपन्न होने के बाद अभिनेत्री ने मंदिर के गर्भगृह की देहरी से भी बाबा महाकाल के दर्शन किए। मंदिर परिसर में उनका आध्यात्मिक अंदाज देखने को मिला। उनके उज्जैन पहुंचने की जानकारी मिलते ही श्रद्धालुओं और प्रशंसकों के बीच भी उत्सुकता नजर आई।
दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में हंसिका मोटवानी ने कहा, “जय श्री महाकाल, मेरी हमेशा से यह तमन्ना थी कि मैं यहां आऊं और आज मेरा यह सपना पूरा हुआ।” उन्होंने बताया कि भस्म आरती देखना और उसे महसूस करना उनके लिए बेहद शानदार अनुभव रहा। अभिनेत्री ने कहा कि मंदिर में बहुत ही डिवाइन एनर्जी यानी अलौकिक ऊर्जा महसूस होती है। यहां बिताया गया समय उनके लिए बेहद खास और यादगार रहेगा।
हंसिका ने श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बावजूद दर्शन की प्रक्रिया काफी सुगम और व्यवस्थित रही। इतनी भीड़ के बीच भी सभी को अच्छे से दर्शन कराए जा रहे थे। उन्होंने मंदिर समिति की हॉस्पिटैलिटी और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए जा रहे प्रयासों को प्रशंसनीय बताया।
अभिनेत्री ने दर्शन व्यवस्था और मंदिर में मिली सुविधाओं के लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री और श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति को धन्यवाद दिया। गौरतलब है कि उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। यहां देशभर से श्रद्धालुओं के साथ फिल्मी सितारे, खिलाड़ी और कई जानी-मानी हस्तियां बाबा महाकाल के दर्शन के लिए पहुंचती रहती हैं। हंसिका मोटवानी की यह यात्रा भी उनके लिए एक यादगार आध्यात्मिक अनुभव बन गई।