Highlights :
सीएम मोहन यादव ने उज्जैन में बोहरा धर्मगुरु से की मुलाकात।
धर्मगुरु सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन ने दी दीपावली की शुभकामनाएं।
बोहरा समाज के धर्मगुरु ने की सरकार के प्रयासों की सराहना
CM Mohan Yadav Meets Bohra Religious Leader : सीएम मोहन यादव ने 10 नवंबर को उज्जैन में बोहरा समाज के धर्मगुरु डॉ सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन से सौजन्य भेंट की। इस दौरान धर्मगुरु ने सीएम को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और एमपी की निरंतर प्रगति के साथ प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रदेश में संचालित विभिन्न विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। दोनों के बीच एमपी के विकास और जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
धर्मगुरु डॉ सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन ने सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए उज्जैन शहर के कायाकल्प और समग्र विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने प्रदेश की प्रगति और उज्जैन के विकास के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
मुलाकात के बाद सीएम ने कहा कि बोहरा समाज के धर्मगुरु से मिलकर उन्हें प्रसन्नता हुई। उन्होंने बताया कि सैयदना साहब ने उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उन्होंने भी धर्मगुरु को पर्व की बधाई दी। मुख्यमंत्री ने बोहरा समाज को शांतिप्रिय, प्रसन्नचित्त, व्यापारिक गतिविधियों में अग्रणी और देशभक्त समाज बताते हुए कहा कि देश के विकास में इस समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है और आगे भी ये योगदान जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सर्वधर्म सद्भाव की भावना में विश्वास रखने वाला देश है जहां सभी धर्मों और समाजों को साथ लेकर चलने की परंपरा है। उन्होंने बोहरा समाज के धर्मगुरु डॉ सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनका पुनः वंदन और अभिनंदन किया।