

Bhojpuri Actress Monalisa Attend Mahakal Bhasma Aarti: भोजपुरी फिल्मों और टीवी जगत की मशहूर अभिनेत्री मोनालिसा गुरुवार तड़के उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं। अभिनेत्री ने सुबह होने से पहले होने वाली विश्व प्रसिद्ध भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया।
जानकारी के मुताबिक, मोनालिसा तड़के करीब 3 बजे मंदिर पहुंचीं। उन्होंने करीब 2 घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर श्रद्धा और भक्ति भाव से बाबा महाकाल की भस्म आरती देखी। इस दौरान वह पूरी तरह भक्तिमय माहौल में लीन नजर आईं।
भस्म आरती के बाद अभिनेत्री ने नंदी महाराज का पूजन-अभिषेक किया और नंदी के कान में अपनी मनोकामना भी कही। इसके बाद उन्होंने चांदी द्वार से भगवान महाकाल को जल अर्पित कर पूजा-अर्चना की। मंदिर के पुजारियों ने विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई।
आरती के पश्चात श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से मोनालिसा का स्वागत और सम्मान भी किया गया। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं के साथ अभिनेत्री ने तस्वीरें भी खिंचवाई।
मोनालिसा भोजपुरी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं। उन्हें देशभर में पहचान टीवी रियलिटी शो बिग बॉस 10 से मिली। इसके अलावा उन्होंने ‘नजर’ और ‘नमक इश्क का’ जैसे लोकप्रिय हिंदी धारावाहिकों में भी अभिनय किया है।