शहडोल में बोतल में तेल नहीं मिला तो पेट्रोल पंप बना रणभूमि; कर्मचारियों पर चप्पल और अग्निशमन यंत्र से हमला

Youth Attack Petrol Pump Staff: शहडोल के रायजादा पेट्रोल पंप पर बोतल में तेल न देने पर कर्मचारियों से मारपीट, अग्निशमन उपकरण से हमले का प्रयास, 2 आरोपियों पर BNS के तहत केस दर्ज।
Police register case after petrol pump violence in Madhya Pradesh
शहडोल के पेट्रोल पंप पर मारपीट (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Shahdol Petrol Pump Violence: मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में पेट्रोल-डीजल की कमी के बीच एक पेट्रोल पंप पर जमकर हंगामा और मारपीट का मामला सामने आया है। बुढार रोड स्थित रायजादा एंड सन पेट्रोल पंप पर बोतल में पेट्रोल देने से इनकार करने पर कुछ युवकों ने कर्मचारियों के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार जिला कोतवाली थाना क्षेत्र के रायजादा एंड सन पेट्रोल पंप पर कुछ युवक बोतल में पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। सुरक्षा नियमों के तहत कर्मचारियों ने उन्हें बोतल में पेट्रोल देने से मना कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते मामला गाली-गलौज और धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। आरोप है कि युवकों ने कर्मचारियों के साथ बदसलूकी करते हुए मारपीट भी की।

सुरक्षा उपकरण को हथियार बनाने की कोशिश

विवाद बढ़ने के बाद पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आरोपियों ने कर्मचारियों को चप्पलों से पीटने के साथ मौके पर मौजूद अग्निशमन सुरक्षा उपकरण उठाकर हमला करने का भी प्रयास किया। घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में भी पूरी घटना कैद हो गई, जो अब जांच का महत्वपूर्ण आधार बन रहे हैं।

वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया। पेट्रोल पंप प्रबंधन ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(ख), 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

तेल संकट के बीच बढ़ रही लोगों की परेशानी

शहडोल में इन दिनों पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति प्रभावित होने से कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन की कमी बनी हुई है। इसके चलते लोग बोतलों और डिब्बों में पेट्रोल भरवाने की कोशिश कर रहे हैं, जो सुरक्षा की दृष्टि से बेहद खतरनाक है। विशेषज्ञों का मानना है कि ज्वलनशील पदार्थों को असुरक्षित तरीके से ले जाना किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकता है। ऐसे में प्रशासन लोगों से संयम बरतने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील कर रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com