

Looteri Dulhan Case Sehore: मध्य प्रदेश के सीहोर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी की आड़ में एक परिवार के साथ बड़ी धोखाधड़ी की गई। बिचौलिया के झांसे में आकर एक कुंवारे युवक की शादी तो हो गई, लेकिन शादी के महज तीन दिन बाद ही नई-नवेली दुल्हन घर के कीमती आभूषण समेटकर रफूचक्कर हो गई। ठगा हुआ पीड़ित परिवार अब न्याय के लिए दर-दर भटक रहा है।
यह पूरा मामला सीहोर जिले की भैरूंदा तहसील का है। पीड़ित दूल्हे संजीव और उसकी मां के अनुसार, वे लंबे समय से बेटे के लिए लड़की की तलाश में थे। इसी बीच उनकी मुलाकात तजपुरा निवासी इमरान नाम के एक बिचौलिया से हुई, जिसने शादी कराने का झांसा दिया। बिचौलिया ने शादी कराने के एवज में परिवार से ₹2 लाख भी ऐंठ लिए।
पीड़ित मां ने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई कि बिचौलिया इमरान ने उनके साथ दो बार धोखा किया पहली कोशिश बिचौलिया पहली बार जिस लड़की को लेकर आया था, वह शादी के बाद केवल 9 दिन रुकी और फिर गायब हो गई। इसके बाद बिचौलिया लगातार उन्हें टालता रहा और सहानुभूति का नाटक करते हुए कहा कि वह संजीव को अपना बेटा समझता है और ईद के बाद किसी अच्छे परिवार की दूसरी लड़की लाएगा
दूसरी कोशिश बिचौलिया वादे के मुताबिक ईद के बाद दूसरी लड़की लेकर आया लेकिन इस बार साजिश और भी बड़ी थी। शादी के महज तीन दिन बाद ही, रात के करीब 1:30 बजे, दुल्हन बिचौलिया के सिखाए-पढ़ाए अनुसार घर में रखे कीमती सोने-चांदी के आभूषण समेटकर अचानक फरार हो गई।
काफी तलाश के बाद जब दुल्हन का पता नहीं चला, तब परिजनों को एहसास हुआ कि वे लुटेरी दुल्हन और बिचौलिया के संगठित गैंग का शिकार हो चुके हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि अब न तो बिचौलिया पैसे वापस कर रहा है और न ही बहू लौट रही है। थाने में शिकायत करने के बाद भी बिचौलिया 'आज ला रहा हूं, कल ला रहा हूं' कहकर बहाने बना रहा है।
पीड़ित परिवार ने गुहार लगाते हुए कहा कि प्रशासन से हमारी यही मांग है कि या तो बिचौलिया इमरान हमारे ₹2 लाख वापस दिलवाए या फिर बेटे संजीव के लिए बहू लाकर दे। थक-हारकर पीड़ित दूल्हा अपनी मां के साथ सीहोर जिला मुख्यालय पहुंचा और अधिकारियों के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर बिचौलिया इमरान व फरार दुल्हन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
https://youtu.be/iYezYQl1by4?si=s0FoX_lW6dC-fxgH