

Dharashiv Looteri Dulhan: महाराष्ट्र के धाराशिव जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के सिर्फ एक महीने के भीतर एक नवविवाहिता अपने कथित साथियों के साथ पति के घर से लाखों रुपये के जेवर और कैश लेकर फरार हो गई। पीड़ित एक सरकारी कर्मचारी है, जिसने इस पूरे मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है। पुलिस को आशंका है कि इसके पीछे अंतरराज्यीय गिरोह का हाथ हो सकता है।
जानकारी के अनुसार, नांदेड़ जिले के रहने वाले 28 वर्षीय शिवराज वर्तमान में धाराशव में सरकारी आवास में रहते हैं। उनका विवाह 13 मई को तेलंगाना के बोधन की रहने वाली शुभांगी उर्फ साक्षी मच्छिंद्रनाथ वारले से हुआ था। शादी के कुछ ही दिन बाद पत्नी के व्यवहार को लेकर उन्हें संदेह होने लगा। उन्होंने इस बारे में विवाह कराने वाले मध्यस्थों और पत्नी के रिश्तेदारों को भी जानकारी दी थी।
11 जून को पत्नी के कुछ रिश्तेदार शिवराज के घर पहुंचे। उन्होंने दंपती के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने का भरोसा दिलाया और कहा कि वे शुभांगी को समझाकर वापस भेज देंगे। इसके बाद वे उसे अपने साथ लेकर चले गए। शिवराज को लगा कि मामला सुलझ जाएगा, लेकिन आगे जो हुआ उसने उन्हें हैरान कर दिया। कुछ देर बाद जब शिवराज ने घर की अलमारी देखी तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर से करीब 17 तोला सोने के आभूषण और ₹1.7 लाख कैश गायब था। चोरी किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 27.54 लाख रुपये बताई गई है। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस से संपर्क किया और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
इस पूरे मामले का सबसे दिलचस्प पहलू तब सामने आया, जब आरोपियों में से कोई व्यक्ति घर में एक मोबाइल फोन भूल गया। शिवराज ने जब उस फोन की जांच की तो उसमें नवविवाहिता की अन्य युवकों के साथ शादी की तस्वीरें और विवाह से जुड़े कई चैट मिले। इन जानकारियों ने कथित ठगी के पूरे नेटवर्क पर सवाल खड़े कर दिए।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने सिर्फ चोरी ही नहीं की, बल्कि बाद में उनकी सरकारी नौकरी और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी। कथित तौर पर उनसे 50 लाख रुपये की मांग की गई और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। इससे मामला केवल चोरी तक सीमित न रहकर जबरन वसूली और धमकी तक पहुंच गया।
यह भी पढ़े :
शिवराज की शिकायत के आधार पर आनंदनगर पुलिस स्टेशन में पत्नी समेत कुल नौ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, चोरी, जबरन वसूली और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और इसके संभावित अंतरराज्यीय गिरोह की जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।