

Highlights:
सीहोर में 10 साल की बच्ची को परेशान करने का आरोप।
मां ने सहेली के साथ मिलकर आरोपी को मिलने बुलाया।
भीड़ ने युवक की पिटाई कर बाइक में लगाई आग।
Sehore Mob Beats Harassment Accused and Burns Motorcycle : सीहोर में 10 साल की बच्ची को फोन और वीडियो कॉल के जरिए कथित तौर पर परेशान करने का मामला सामने आया है। बेटी की शिकायत के बाद मां का गुस्सा फूट पड़ा।
मां अपनी सहेली के साथ आरोपी युवक को मिलने के बहाने बुलाकर पकड़ने पहुंच गई। इसके बाद मौके पर हंगामा हो गया। स्थानीय लोगों ने युवक की पिटाई कर दी और उसकी बाइक में आग लगा दी। मामले ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चांद पठान नाम के युवक पर आरोप है कि वह लंबे समय से 10 वर्षीय बच्ची को परेशान कर रहा था और अश्लील हरकतें करता था। बच्ची ने जब इसकी जानकारी अपनी मां को दी तो उन्होंने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मां का दावा है कि वह घटना से एक दिन पहले शिकायत लेकर थाने पहुंची थीं, लेकिन उनकी शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं की गई।
पुलिस से मदद नहीं मिलने से नाराज मां ने अपनी सहेली के साथ मिलकर आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई। इसके लिए फोन से चांद पठान को कांकड़खेड़ा के पास मिलने के लिए बुलाया गया। जैसे ही युवक तय जगह पर पहुंचा, मां और उसकी सहेली ने उसे पकड़ लिया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए।
मौके पर जुटे लोगों ने आरोपी की पिटाई कर दी। इसी दौरान उसकी बाइक में आग लगा दी गई। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
इस मामले में पुलिस की सक्रियता पर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि घटनास्थल पर हंगामे से करीब एक घंटे पहले डायल 112 पर सूचना दे दी गई थी, लेकिन पुलिस टीम लगभग एक घंटे बाद पहुंची। मां का आरोप है कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के बजाय उन्हें और मौके पर मौजूद अन्य लोगों को ही थाने ले गई।
थाने में हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता भी पहुंच गए और पीड़ित परिवार के समर्थन में खड़े हुए। इसके बाद थाना प्रभारी के साथ मां को विधिवत शिकायत दर्ज कराने के लिए सीहोर रवाना किया गया। अब इस पूरे मामले में पुलिस की शुरुआती कार्रवाई, डायल 112 के रिस्पॉन्स और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पर सबकी नजर है।