सागर: खेल मैदान के पास शराब दुकान के विरोध में धरना, खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों ने उठाई हटाने की मांग

Sagar Football Players Protest : सागर में अस्पताल, खेल मैदान, स्कूल और मंदिर के पास संचालित शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर फुटबॉल खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया।
football players and local residents protesting against a liquor shop
शराब दुकान के विरोध में प्रदर्शनफोटो सोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Sagar Sharab Dukan Protest : सागर के सदर क्षेत्र में कबूला पुल के पास अस्पताल के नजदीक संचालित शराब दुकान को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। शराब दुकान के पास अस्पताल, खेल मैदान, स्कूल और धार्मिक स्थल होने का हवाला देते हुए स्थानीय फुटबॉल खिलाड़ियों और नागरिकों ने दुकान हटाने की मांग को लेकर 2 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। प्रदर्शनकारियों ने दुकान को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग की है।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अस्पताल के नजदीक शराब दुकान संचालित होने से मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी होती है। उनका दावा है कि शराब खरीदने वाले कुछ लोग अस्पताल परिसर और आसपास बैठकर शराब का सेवन करते हैं। इससे अस्पताल के आसपास का माहौल प्रभावित होने की बात कही जा रही है।

खेल मैदान में शराब सेवन का आरोप

स्थानीय फुटबॉल खिलाड़ियों का कहना है कि शराब दुकान के पास स्थित खेल मैदान में भी कुछ लोग शराब का सेवन करते हैं। खिलाड़ियों के मुताबिक इससे मैदान का माहौल खराब हो रहा है और महिला खिलाड़ियों तथा बच्चों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि खेल मैदान खिलाड़ियों के लिए है और वहां सुरक्षित माहौल होना चाहिए।

स्कूल और धार्मिक स्थल होने का भी हवाला

स्थानीय लोगों के अनुसार शराब दुकान के आसपास स्कूल और मंदिर भी स्थित हैं। उनका कहना है कि दुकान के आसपास आने-जाने वाले लोगों के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों और मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी होती है। प्रदर्शनकारियों ने इन स्थानों को देखते हुए शराब दुकान का स्थान बदले जाने की मांग की है।

2 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन धरना

शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर 2 अक्टूबर को कबूला पुल के पास टेंट लगाकर प्रदर्शन शुरू किया गया। आंदोलन में फुटबॉल खिलाड़ियों के साथ स्थानीय नागरिक भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, इससे पहले प्रशासन को आवेदन देकर अस्पताल और खेल मैदान के पास संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग की गई थी। अब मांग पूरी होने तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रखने की बात कही गई है।

कई नेताओं ने आंदोलन को दिया समर्थन

सागर में प्रदर्शन के पहले दिन भाजपा के पूर्व सांसद लक्ष्मीनारायण यादव, समाजवादी चिंतक रघु ठाकुर, पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी, शिवसेना के प्रदेश उपाध्यक्ष पप्पू तिवारी और कुश्ती संघ के जिला अध्यक्ष मनीष यादव सहित कई लोग प्रदर्शन में पहुंचे। लक्ष्मीनारायण यादव ने कहा कि कैंटोनमेंट क्षेत्र में किस स्थान पर कौन सी गतिविधि होनी चाहिए, यह बोर्ड के नियमों के अनुसार तय होता है। उन्होंने शराब दुकान को आबादी और संवेदनशील स्थानों से दूर स्थानांतरित करने की बात कही।

football players and local residents protesting against a liquor shop
पन्ना में चमकी दंपति की किस्मत, 2 दिन में मिले 5.16 कैरेट के 4 हीरे, लाखों रुपये है अनुमानित कीमत

कलेक्ट्रेट में दिया आवेदन

समाजवादी चिंतक रघु ठाकुर ने अस्पताल, धार्मिक स्थल और स्कूल के आसपास शराब दुकान को लेकर नियमों की जांच की मांग की। वहीं फुटबॉल संघ के सचिव विशाल तोमर ने कहा कि कुछ समय पहले कलेक्ट्रेट में आवेदन देकर दुकान हटाने की मांग की गई थी। उनका आरोप है कि शराब दुकान के कारण महिलाओं और बच्चियों को वहां से गुजरने में परेशानी होती है।

पूर्व मंत्री ने भी की शराब दुकाने की मांग

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शराब दुकान से खिलाड़ियों का भविष्य नहीं बनेगा, बल्कि खेल मैदान से खिलाड़ियों का भविष्य तैयार होगा। पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने भी कैंटोनमेंट एक्ट और बोर्ड के नियमों का हवाला देते हुए दुकान हटाने की मांग का समर्थन किया। फिलहाल दुकान के लाइसेंस और उसके स्थान को लेकर संबंधित प्रशासनिक एवं कैंटोनमेंट नियमों की स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com