सागर : शाहपुर डबल मर्डर केस में पीड़ित परिवार की न्याय की गुहार, अनुकंपा नौकरी और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग

Sagar Crime News : सागर के शाहपुर डबल मर्डर केस में पीड़ित परिवार ने कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन सौंपकर अनुकंपा नौकरी, बच्चों की सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
Shahpur Double Murder Case
पीड़ित परिवार (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Shahpur Double Murder Case : सागर जिले के बहुचर्चित शाहपुर डबल मर्डर केस में पीड़ित परिवार ने एक बार फिर प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। मृतक सूरज अहिरवार की पत्नी वंदना अहिरवार ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर अनुकंपा नियुक्ति, बच्चों के भविष्य की सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही मामले में कथित लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों की जांच कर कार्रवाई की मांग भी उठाई गई है।

जानकारी के अनुसार, थाना सानौधा क्षेत्र के ग्राम शाहपुर में 8 मई 2026 को हुए दोहरे हत्याकांड में सूरज अहिरवार और नीरज प्रजापति की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में नीलेश अहिरवार, अंशुल यादव समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है। प्रकरण वर्तमान में विशेष न्यायालय में विचाराधीन है।

कलेक्टर और SP के नाम सौंपा ज्ञापन

बुधवार शाम करीब 4:30 बजे मृतक सूरज अहिरवार की पत्नी वंदना अहिरवार अपने परिजनों के साथ कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि पति की मौत के बाद परिवार गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है। उनके तीन छोटे बच्चे—खुशी, बलवंत और सानिया—पढ़ाई कर रहे हैं और अब परिवार में आय का कोई स्थायी स्रोत नहीं बचा है।

अनुकंपा नियुक्ति की मांग

वंदना अहिरवार ने शासन से अनुकंपा नियुक्ति योजना के तहत किसी शासकीय विभाग में नौकरी देने की मांग की, ताकि परिवार का भरण-पोषण और बच्चों की शिक्षा जारी रह सके। उन्होंने यह भी मांग की कि मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष और कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग

पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक को दिए ज्ञापन में शाहपुर चौकी प्रभारी अशोक उपाध्याय सहित मामले में कथित लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही एससी-एसटी वर्ग के लोगों पर होने वाले अत्याचारों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील भी की गई। अब इस मामले में जिला प्रशासन और पुलिस पीड़ित परिवार की मांगों पर क्या निर्णय लेते हैं, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं। शाहपुर डबल मर्डर केस में न्याय की लड़ाई अभी जारी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com