सागर: कॉलेज जा रहे 2 छात्रों को ट्रक ने कुचला, सड़क पर बिखरे शव, गुस्साए परिजनों ने लगाया जाम

College Students Killed in Accident: सागर में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 2 कॉलेज स्टूडेंट्स की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से गुस्साए परिजनों ने चक्काजाम कर दिया।
Sagar Road Accident News
घटनास्थल की फोटो (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Sagar Road Accident News: सागर जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां कॉलेज जा रहे दो छात्रों की सड़क हादसे में मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को पीछे से ऐसी टक्कर मारी कि दोनों युवक ट्रक के नीचे आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि क्षत-विक्षत शव सड़क पर बिखर गए। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और फोरलेन पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया गया।

यह दर्दनाक हादसा सागर के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत फोरलेन स्थित रानीपुरा के पास सुबह हुआ। जानकारी के मुताबिक 20 वर्षीय संजय रजक निवासी सेमरा हार्ट और 20 वर्षीय नितिन अहिरवार निवासी कोलुआ गांव बाइक से सागर कॉलेज जा रहे थे। दोनों बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र थे और रोज की तरह सुबह घर से पढ़ाई के लिए निकले थे।

ट्रक ने मारी बाइक को टक्कर

बताया जा रहा है कि जैसे ही दोनों युवक रानीपुरा फोरलेन के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार गुजरात पासिंग ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और ट्रक उन्हें कुचलते हुए निकल गया। हादसे के बाद सड़क पर दोनों छात्रों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत होकर बिखर गए।

परिजनों ने किया चक्काजाम

सड़क हादसा देखकर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। अपने बच्चों की हालत देखकर परिवार के लोग बेसुध हो गए और मौके पर मातम पसर गया। घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने फोरलेन पर जाम लगा दिया। सड़क के बीच बैठकर लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और ट्रक चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे।

पुलिस ने ट्रक जब्त किया

करीब एक घंटे तक सड़क पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से गुजरात पासिंग ट्रक को जब्त कर लिया, लेकिन चालक घटना के बाद फरार हो गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाइश दी और कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद जाम खत्म हुआ और यातायात बहाल हो सका।

आरोपी चालक की तलाश

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक की लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com