

Sagar Police Personnel Liquor Shop Video: सागर जिले की शाहपुर चौकी में पदस्थ दो आरक्षकों का शराब दुकान पर कथित तौर पर हंगामा करने का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिसकर्मियों के व्यवहार और अनुशासन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। वीडियो में दो पुलिसकर्मी दुकान के कर्मचारियों से विवाद करते और डंडा लेकर धमकाते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो 16 अगस्त की रात करीब 11 बजे का है। वीडियो में शाहपुर चौकी में पदस्थ आरक्षक लकी अहिरवार और शिवराज ठाकुर शराब दुकान पर दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान दोनों की दुकान कर्मचारियों से कहासुनी होती नजर आती है।
वायरल वीडियो में एक आरक्षक हाथ में डंडा लिए दिखाई दे रहा है। वीडियो में कथित तौर पर गाली-गलौज और डंडे से मारने की धमकी देने जैसी आवाजें भी सुनाई दे रही हैं। विवाद के दौरान आरक्षक शराब समय पर नहीं पहुंचने को लेकर नाराजगी जताते सुनाई देते हैं।
वीडियो में एक आरक्षक कथित तौर पर यह सवाल करता सुनाई दे रहा है कि फोन करने के बावजूद शराब समय पर क्यों नहीं पहुंचाई गई। वह यह भी कहता सुनाई देता है कि क्या एक-एक क्वार्टर के लिए ठेकेदार को फोन करना पड़ेगा। इसी दौरान ठेकेदार को लेकर भी कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया।
हालांकि, इस मामले में शराब दुकान संचालक या कर्मचारियों की ओर से थाने में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। वहीं, वीडियो में नजर आ रहे आरक्षक से जब घटना को लेकर बात की गई तो उन्होंने शराब को लेकर किसी बड़े विवाद से इनकार किया आरक्षक का कहना है कि दुकान के कर्मचारी से किसी मामूली बात को लेकर कहासुनी हुई थी और बाद में बातचीत के जरिए मामला सुलझा लिया गया।
इधर, शाहपुर चौकी प्रभारी मनीषा तिवारी ने भी घटना के संज्ञान में आने की बात कही है। उनका कहना है कि विवाद शराब को लेकर नहीं था और दुकान कर्मचारी या ठेकेदार की ओर से थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। फिलहाल वायरल वीडियो के सामने आने के बाद मामला चर्चा में है और पुलिसकर्मियों के आचरण को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। वीडियो की वास्तविक परिस्थितियों और पूरे घटनाक्रम को लेकर सागर पुलिस स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है।