सागर में शादी से 3 दिन पहले युवती लापता, परिजनों ने भाजपा नेता के रिश्तेदार पर लगाया आरोप

Girl Missing Before Wedding: सागर में शादी से 3 दिन पहले दुल्हन लापता हो गई। युवती के परिजनों ने भाजपा नेता के रिश्तेदार पर आरोप लगाया है। इधर युवती ने वीडियो जारी कर मर्जी से घर छोड़ने की बात कही है।
Sagar Missing Girl Case
युवती ने जारी किया वीडियो (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Sagar missing girl case: सागर जिले के बीना क्षेत्र के गढ़ा गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शादी से ठीक तीन दिन पहले एक युवती के लापता होने से हड़कंप मच गया। यह मामला नई बस्ती पुलिस चौकी क्षेत्र का बताया जा रहा है।

परिजनों ने भाजपा नेता के रिश्तेदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद मामला राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। युवती की मां  ने पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए बीना एसडीओपी से निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप

परिजनों के अनुसार, नंदनी की शादी 14 फरवरी को तय थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। लेकिन शादी से तीन दिन पहले गांव का ही युवक लोकेश उपाध्याय उसे अपने साथ ले गया। परिवार का आरोप है कि आरोपी का संबंध भाजपा मंडल अध्यक्ष के परिवार से है, जिसके चलते पुलिस कार्रवाई में ढिलाई बरत रही है। मां शारदा लोधी का कहना है कि जब वे शिकायत लेकर नई बस्ती चौकी पहुंचे तो पुलिस ने केवल आश्वासन दिया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी से नाराज होकर परिवार ने उच्च अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

नंदनी के वीडियो से उलझा मामला

इस बीच मामले में नया मोड़ तब आया जब युवती नंदनी लोधी का एक वीडियो सामने आया, जिसमें उसने मां द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताया है। उसने कहा कि परिवार के लोग उसे बेचने का सौदा कर रहे थे इसलिए उसने अपनी मर्जी से घर छोड़ा है। साथ ही उसने खुलासा किया कि उसने 3 महीने पहले ही कोर्ट मैरिज कर ली है। नंदनी के मुताबिक लोकेश का इस मामले से कोई संबंध नहीं है।

भाजपा नेता ने आरोपों को नकारा

वहीं भाजपा नेता ने खुद को इस पूरे विवाद से अलग बताते हुए कहा है कि उन्हें इस मामले की कोई जानकारी नहीं है और उन्हें राजनीतिक रूप से फंसाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोकेश उनके परिवार का है, लेकिन वह भाई नहीं है। युवती के वीडियो और परिजनों के आरोपों के बीच पुलिस अब इस मामले की सच्चाई जानने में जुटी हुई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com