सागर के गढ़ाकोटा में फायरिंग और लाठी-डंडों का तांडव, घर में घुसकर हमला, वृद्ध गंभीर रूप से घायल

Garhakota Firing Incident: सागर के गढ़ाकोटा में बवाल, गुंजौरा गांव में वाहनों से आए बदमाशों ने की हवाई फायरिंग और मारपीट, लहूलुहान वृद्ध सागर जिला अस्पताल रेफर, तनाव।
Armed attackers allegedly entered house and opened fire in Garhakota, Sagar
सागर के गढ़ाकोटा में फायरिंग (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Sagar Garhakota Assault Case: सागर जिले के गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र से सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक गांव में फायरिंग और मारपीट की घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। ग्राम गुंजौरा के पतरुआ टोला में कथित विवाद के बाद एक दर्जन से अधिक लोगों द्वारा हमला किए जाने का आरोप लगाया गया है। घटना में एक वृद्ध सहित कई लोग घायल हुए हैं, जबकि गंभीर हालत में घायल वृद्ध को सागर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम ग्राम गुंजौरा के पतरुआ टोला में अचानक हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि सफेद रंग की स्कॉर्पियो, बोलेरो और अन्य चार पहिया वाहनों में सवार होकर करीब एक दर्जन लोग उनके घर पहुंचे। आरोप है कि आते ही गाली-गलौज शुरू हुई और विरोध करने पर मामला हिंसक हो गया।

आरोपियों ने लाठी और डंडों से किया हमला

पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला किया और इलाके में दहशत फैलाने के लिए कथित तौर पर हवाई फायरिंग भी की। फायरिंग और मारपीट की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीण मौके पर जुटने लगे।

घटना में दो भाई गंभीर रूप से हुए घायल

घटना में रक्तू अहिरवार और उनके भाई परसोत्तम अहिरवार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत गढ़ाकोटा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने वृद्ध की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल सागर रेफर कर दिया।

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा घटना का वीडियो

इस बीच घटना से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें हंगामा और मारपीट जैसे दृश्य दिखाई दे रहे हैं। हालांकि पुलिस ने कहा है कि वायरल वीडियो की सत्यता और घटना से संबंध की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

https://youtu.be/ezh7GgczLvg?si=U0302GDKwO2xl8Br

Navbharat Live
navbharatlive.com