राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में सागर में कांग्रेस का प्रदर्शन; PM मोदी का फूंका पुतला

Sagar Congress Protest: राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में सागर में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट-कोतवाली तक निकाली रैली, फूंका पीएम और गृहमंत्री का पुतला।
Congress leaders and workers staged a protest in Sagar against the arrest of Rahul Gandhi and burned an effigy of Prime Minister Narendra Modi during the demonstration
सागर में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Sagar Congress Protest Against Rahul Gandhi Arrest: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सांसद प्रियंका गांधी की कथित गिरफ्तारी के विरोध में सागर में जिला शहर कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर कांग्रेस कार्यालय से कोतवाली तक रैली निकाली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया तथा राष्ट्रपति के नाम नगर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रैली शहर कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर कोतवाली थाना पहुंची, जहां राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज को दबाने और लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है।

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी शांतिपूर्ण विरोध कर रहे थे- शहर कांग्रेस अध्यक्ष

जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी छात्रों से जुड़े मुद्दों तथा कथित नीट पेपर लीक मामले को लेकर शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठा रहे थे। उनका कहना था कि विपक्ष केवल छात्रों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े गंभीर सवालों को सरकार के सामने रख रहा था, लेकिन इसके बावजूद उनके खिलाफ की गई कार्रवाई लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है।

शांतिपूर्ण विरोध प्रत्येक नागरिक का अधिकार- कांग्रेस

महेश जाटव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने और जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध प्रत्येक नागरिक और जनप्रतिनिधि का संवैधानिक अधिकार है, इसलिए इस प्रकार की कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना के विपरीत है। उन्होंने केंद्र सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ऐसे कदमों का लोकतांत्रिक तरीके से लगातार विरोध करती रहेगी।

सरकार विरोध की आवाज को दबाने का काम कर रही है- कांग्रेस नेताओं का आरोप

कांग्रेस नेताओं ने नीत पेपर लीक, बेरोजगारी और छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज जैसे मुद्दों को उठाते हुए कहा कि इन मामलों पर जवाब देने के बजाय सरकार विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की रक्षा और विपक्ष के अधिकारों की सुरक्षा की मांग की।

ज्ञापन में राष्ट्रपति से पूरे घटनाक्रम का संज्ञान लेकर लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई। इस दौरान पूर्व विधायक मुकुल पुरोहित, सुनील जैन, रामकुमार पचौरी, बाबू सिंह, सिंटू कटारे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

https://youtu.be/TLzEl61pxR0?si=c7T3xJGOSTdkea-A

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com