

Sagar ANM Suspension: सागर जिले में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान स्वास्थ्य पोर्टल पर गलत और संदिग्ध डेटा अपलोड करने का मामला सामने आने के बाद कलेक्टर प्रतिभा पाल ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि फर्जी या गलत जानकारी दर्ज करने वाली एएनएम (ANM) के खिलाफ तत्काल निलंबन की कार्रवाई की जाए। कलेक्टर के इस फैसले के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
सोमवार को आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक में कलेक्टर प्रतिभा पाल ने जिले की स्वास्थ्य सेवाओं और विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक के दौरान पाया गया कि स्वास्थ्य पोर्टल पर कुछ मामलों में गलत और संदिग्ध जानकारी दर्ज की जा रही है, जिससे वास्तविक आंकड़े प्रभावित हो रहे हैं और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में बाधा आ सकती है।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सही और प्रमाणिक डेटा बेहद महत्वपूर्ण है। यदि पोर्टल पर गलत जानकारी दर्ज होगी तो हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की सही पहचान नहीं हो सकेगी, जिससे उनके उपचार और निगरानी पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि गलत डेटा दर्ज करने वाली एएनएम को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए और आंकड़ों में हेरफेर करने वाले जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
बैठक में गर्भवती महिलाओं की एएनसी (ANC) जांच की भी विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले की कोई भी गर्भवती महिला पंजीयन और आवश्यक जांच से वंचित नहीं रहनी चाहिए। पहली से चौथी एएनसी जांच तक का पूरा रिकॉर्ड समय पर और सही तरीके से स्वास्थ्य पोर्टल पर दर्ज किया जाए।
इसके अलावा उन्होंने उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की शत-प्रतिशत पहचान, गंभीर एनीमिया से पीड़ित महिलाओं के समुचित उपचार तथा नवविवाहित महिलाओं की समग्र आईडी तैयार करने के निर्देश भी दिए। बैठक में टीबी, मलेरिया, कुष्ठ नियंत्रण कार्यक्रम और पोषण पुनर्वास केंद्रों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को तय समय सीमा में लक्ष्य पूरा करने की चेतावनी दी गई।स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और सटीक रिकॉर्ड सुनिश्चित करने को लेकर कलेक्टर प्रतिभा पाल का यह सख्त रुख अब जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।
https://youtu.be/EIKi0Q1IiW0?si=yrWahgPMuShVJW8C