सागर में घर के दरवाजे पर बैठा था मौत का पहरेदार-'कोबरा', पूरी रात कमरे में कैद रहा परिवार; ऐसे किया रेस्क्यू

Cobra Snake Enter At House Sagar: सागर के पथरिया जाट में खौफनाक रात, 5 फीट लंबा जहरीला कोबरा दरवाजे पर फन फैलाकर बैठा, कमरों में बंद रहा परिवार, स्नेक कैचर ने किया सुरक्षित रेस्क्यू।
Cobra sits at house entrance keeping family trapped overnight in Sagar
सागर में घर के अंदर घुसा कोबरा सांप (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Cobra Snake Rescued From House Sagar: सागर जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने पूरे परिवार की रात दहशत में गुजार दी। घर के मुख्य दरवाजे पर अचानक एक करीब 5 फीट लंबा जहरीला कोबरा आकर बैठ गया। फन फैलाकर दरवाजे की कुंडी से लिपटे कोबरा को देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए। हालात ऐसे बन गए कि पूरा परिवार रातभर घर के अंदर कैद रहने को मजबूर हो गया।

मामला सागर जिले के पथरिया जाट के लोधीपुरा इलाके का है। बताया जा रहा है कि रात के समय परिवार के लोगों की नजर जैसे ही मुख्य दरवाजे पर पड़ी, वहां एक बड़ा जहरीला कोबरा फन फैलाकर बैठा दिखाई दिया। सांप दरवाजे की कुंडी से इस तरह लिपटा हुआ था कि किसी की भी उसके पास जाने की हिम्मत नहीं हुई।

कोबरा को देखकर घर में फैली दहशत

कोबरा सांप को देखकर पूरे घर में दहशत फैल गई। बच्चों और महिलाओं में डर का माहौल बन गया। परिवार के लोग अपनी सुरक्षा के लिए अलग-अलग कमरों में ही बंद हो गए। पूरी रात किसी की आंखों में नींद नहीं आई और लोग लगातार डर के साए में बैठे रहे।

सुबह अचानक घर में आ घुसा कोबरा सांप

सुबह जब कोबरा धीरे-धीरे दरवाजे से उतरकर घर के अंदर रखी एक टेबल के नीचे पहुंच गया, तब जाकर परिवार के लोग अपने कमरों से बाहर निकल पाए। इसके बाद तुरंत स्नेक कैचर अकील बाबा को सूचना दी गई।

स्नेक कैचर ने सावधानीपूर्वक किया रेस्क्यू

सूचना मिलते ही स्नेक कैचर मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कुछ मिनटों की मशक्कत के बाद कोबरा को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया गया। इसके बाद परिवार और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।

स्नेक कैचर अकील बाबा ने लोगों से अपील की कि यदि घर या आसपास सांप दिखाई दे तो घबराएं नहीं और न ही उसे मारने की कोशिश करें। तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति को कोबरा सांप काट ले तो झाड़-फूंक के चक्कर में समय बर्बाद न करें और तत्काल अस्पताल पहुंचकर इलाज कराएं। एक जहरीले मेहमान ने पूरी रात इस परिवार की सांसें थामे रखीं।

https://youtu.be/WhrM51fAqrs?si=Jzd0bdHGzqU9HcOi

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com