

Sagar AAP Protest March : सागर में आम आदमी पार्टी (AAP) ने केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में प्रदर्शन करते हुए विरोध मार्च निकाला। पार्टी ने पर्यावरणविद एवं वैज्ञानिक सोनम वांगचुक के समर्थन और NEET पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार को घेरा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की।
आम आदमी पार्टी का विरोध मार्च जिला अध्यक्ष इंजी. डीके सिंह के नेतृत्व में रजाखेड़ी स्थित पार्टी कार्यालय से शुरू हुआ। यह मार्च मकरोनिया चौराहे सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा और छात्र शामिल हुए। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि NEET पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। उनका कहना था कि परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने में केंद्र सरकार पूरी तरह विफल रही है। नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और पेपर लीक में शामिल दोषियों व कथित माफियाओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
आम आदमी पार्टी के नेताओं ने कहा कि पर्यावरणविद सोनम वांगचुक लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन उनकी बातों पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जा रहा। पार्टी ने उनके आंदोलन के प्रति समर्थन जताते हुए केंद्र सरकार से संवाद के जरिए समाधान निकालने की अपील की।
विरोध मार्च के समापन पर ग्रामीण जिलाध्यक्ष दामोदर कुर्मी ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। वहीं जिला संगठन मंत्री पुष्पेंद्र राजपूत ने कहा कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलेगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक आम आदमी पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन में इंजी. डीके सिंह, दामोदर कुर्मी, पुष्पेंद्र राजपूत, रामसेवक पवार, प्रदीप जैन, आशुतोष कुर्मी, राहुल खरे, अमित सोनी, मयंक कोरी, ज्योतिष सोनी, संदेश कश्यप, कमलेश साहू, उदय पवार, क्रांति जबलपुरी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।