सागर के पास छिपा है मिनी हिल स्टेशन, मानसून में आपचंद की खूबसूरती देख हो जाएंगे मंत्रमुग्ध

Sagar Monsoon Destinatio : सागर के पास आपचंद मानसून में मिनी हिल स्टेशन जैसा नजर आ रहा है। हरियाली, झरने, पहाड़ियां और गंधर्वी नदी पर्यटकों को आकर्षित कर रही हैं।
Apchand Sagar Looks Like a Mini Hill Station During Monsoon
सागर के पास स्थित आपचंदफोटो सोर्स- नवभारत
Published on
Updated on

Sagar Apchand Tourist Place : मानसून की बारिश के साथ सागर के पास स्थित आपचंद की खूबसूरती इन दिनों देखते ही बन रही है। चारों ओर फैली हरियाली, ऊंची-नीची पहाड़ियां, चट्टानों के बीच बहते झरने और कल-कल करती गंधर्वी नदी यहां पहुंचने वाले पर्यटकों को आकर्षित कर रही है। बारिश के मौसम में आपचंद का नजारा किसी मिनी हिल स्टेशन से कम नहीं लगता।

मानसून की बारिश के बाद आपचंद की पहाड़ियों पर हरियाली की चादर बिछ गई है। चट्टानों के बीच से गिरता दूधिया पानी और नदी की तेज धार प्राकृतिक सौंदर्य को और बढ़ा रही है। बड़ी संख्या में लोग परिवार और दोस्तों के साथ यहां पहुंचकर मौसम और प्रकृति के खूबसूरत नजारों का आनंद ले रहे हैं।

200 से 300 फीट नीचे उतरते ही बदलता है नजारा

आपचंद की खासियत यहां का प्राकृतिक और भौगोलिक स्वरूप है। करीब 200 से 300 फीट नीचे उतरने के बाद पहाड़ियों और चट्टानों के बीच एक अलग ही प्राकृतिक संसार दिखाई देता है। यहां मौजूद प्राचीन धार्मिक स्थल इस क्षेत्र को प्राकृतिक सुंदरता के साथ धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व भी प्रदान करते हैं।

100 साल पुराना हनुमान मंदिर आस्था का केंद्र

चट्टानों की गुफाओं के बीच स्थित 100 साल से अधिक पुराना प्राचीन हनुमान मंदिर यहां आने वाले श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। मंदिर परिसर में हरेराम महाराज की समाधि भी मौजूद है। ऐसे में पर्यटक प्रकृति के बीच घूमने के साथ धार्मिक स्थलों पर दर्शन और पूजा-अर्चना भी करते हैं।

पूरे वेग से बह रही गंधर्वी नदी

आपचंद की खूबसूरती को यहां बहने वाली गदेरी यानी गंधर्वी नदी और बढ़ा देती है। मानसून में भारी बारिश के कारण नदी का जलस्तर और बहाव बढ़ गया है। दोनों ओर खड़ी हरी-भरी पहाड़ियों और विशाल अर्जुन के पेड़ों के बीच बहती नदी का दृश्य पर्यटकों को खासा आकर्षित कर रहा है।

झरने और चट्टानें बने सेल्फी प्वाइंट

बारिश के बाद चट्टानों के बीच अलग-अलग दिशाओं से गिरते झरने यहां आने वाले लोगों के लिए खास आकर्षण बने हुए हैं। घने पेड़ों, पहाड़ियों और झरनों के बीच पर्यटक तस्वीरें और सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं। परिवार और दोस्तों के साथ पहुंचने वाले लोग इन प्राकृतिक नजारों को मोबाइल कैमरों में कैद कर रहे हैं।

Apchand Sagar Looks Like a Mini Hill Station During Monsoon
घने जंगल में 12 किमी की पैदल यात्रा; हाथियों की गश्त के बीच भक्त जन्माष्टमी पर करेंगे कान्हा के दर्शन

प्रकृति और अध्यात्म का अनोखा संगम

प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक आस्था और शांत वातावरण का संगम आपचंद को सागर और आसपास के लोगों के लिए मानसून में घूमने की खास जगह बना रहा है। हालांकि, बारिश के दौरान नदी और झरनों के आसपास फिसलन और तेज बहाव को देखते हुए पर्यटकों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com