

Highlights:
रीवा की सिलपरा नहर में जुड़वा भाई लापता
अंशु को डूबता देख बचाने के लिए नहर में कूदा प्रांशु
दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे थे दोनों किशोर
तेज बहाव के चलते पानी में समाए दोनों भाई
SDRF की टीम बुधवार सुबह से चला रही सर्च ऑपरेशन
Twin Brothers Missing in Silpara Canal Rewa : रीवा के बिछिया थाना क्षेत्र में सिलपरा नहर में डूबने से 17 वर्षीय जुड़वा भाई अंशु सेन और प्रांशु सेन लापता हो गए। मंगलवार शाम दोस्तों के साथ नहर घूमने पहुंचे दोनों किशोर गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गए।
घटना के बाद पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम ने तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह से फिर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों किशोरों के पिता राजेश सेन मूल रूप से गोविंदगढ़ क्षेत्र के उढ़की गांव के रहने वाले हैं और वर्तमान में रीवा के विवेकानंद नगर में रहते हैं। मंगलवार को अंशु और प्रांशु ट्यूशन पढ़ने के बाद अपने तीन दोस्तों के साथ शाम करीब 4 बजे सिलपरा नहर घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान पन्नी में रखी एक पैंट नहर में गिर गई। उसे निकालने के लिए अंशु पानी में उतरा, लेकिन पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया।
अंशु को पानी में डूबता देख उसका जुड़वा भाई प्रांशु उसे बचाने के लिए नहर में कूद पड़ा। नहर में पानी का बहाव तेज था, जिसके चलते दोनों भाई देखते ही देखते लापता हो गए। घटना के बाद उनके साथ मौजूद तीनों दोस्त घबरा गए और उन्होंने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बिछिया थाना प्रभारी अंकिता मिश्रा पुलिस बल और एसडीईआरएफ की टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू टीम ने नहर में काफी देर तक दोनों किशोरों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। अंधेरा होने के कारण मंगलवार देर रात सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा।
बुधवार सुबह एसडीईआरएफ की टीम ने दोबारा नहर में सर्चिंग अभियान शुरू किया। पुलिस और रेस्क्यू टीम नहर के संभावित स्थानों पर दोनों किशोरों की तलाश कर रही है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार को दोनों भाइयों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद है। फिलहाल दोनों का पता नहीं चल सका है और तलाश जारी है।